प्रदेश के तीन प्रमुख केंद्रों में प्रशिक्षणार्थी प्राप्त कर रहे मधुमक्खी पालन का प्रशिक्षण
लखनऊ, 20 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा किसानों और युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने तथा उनकी आय में वृद्धि करने के उद्देश्य से मधुमक्खी पालन को निरंतर प्रोत्साहित किया जा रहा है। इसी क्रम में प्रदेश के बस्ती औद्यानिक प्रयोग एवं प्रशिक्षण केंद्र में 15, सहारनपुर औद्यानिक प्रयोग एवं प्रशिक्षण केंद्र में 29 तथा राजकीय मौनपालन प्रशिक्षण केंद्र प्रयागराज में 32 प्रशिक्षणार्थियों सहित कुल 76 अभ्यर्थियों को 90 दिवसीय (15 दिसम्बर तक) मौनपालन प्रशिक्षण दिया जा रहा है, जिससे वे आधुनिक तकनीकों से दक्ष होकर सफल उद्यमी बन सकें।
उद्यान निदेशक भानु प्रकाश राम ने बताया कि विभाग द्वारा संचालित मधुमक्खी पालन कार्यक्रम के अंतर्गत लाभार्थियों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए इकाई लागत पर 40 प्रतिशत तक का अनुदान उपलब्ध कराया जा रहा है। इस योजना के अंतर्गत प्रत्येक लाभार्थी को 50 मौनवंशों (मधुमक्खी कालोनियों), मधुमक्खी गृहों (बक्सों) की एक पूर्ण इकाई स्थापित कराई जाती है, जिसमें शहद निष्कर्षण एवं रख-रखाव के लिए आवश्यक समस्त सहायक उपकरण भी शामिल हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

