कानपुर में सीसीटीवी की निगरानी में संपन्न हुई बीएड प्रवेश परीक्षा, 957 अभ्यर्थियों ने छोड़ दी परीक्षा
कानपुर, 31 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा 2026 शहर के 19 केंद्रों पर रविवार को पूरी हो गई। सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में केंद्रों पर परीक्षा का आयोजन किया गया। यह परीक्षा दो पालियों में आयोजित की गई। कुल 9168 अभ्यर्थी इस परीक्षा में शहर के लिए पंजीकृत थे। जिसमें पहली पाली में 8211 अभ्यर्थी उपस्थित रहे ,जबकि 957 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। वही दूसरी पाली में 8219 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी,949 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह प्रतिबंधित रहें। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की गई और अभ्यर्थियों की सघन जांच की गईं।
इस बार संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा का आयोजन बुंदेलखंड विश्वविद्यालय ने किया। पहली पाली सुबह नौ बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर दो बजे से शाम पांच बजे तक आयोजित की गई। यह परीक्षा शहर के 19 केंद्रों पर आयोजित की गई। परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए सभी केंद्रों पर पेयजल, स्वच्छ शौचालय और बैठने की समुचित व्यवस्था भी गई।
सीसीटीवी और लाइव मॉनिटरिंग से रखी गई नजर
जिला प्रशासन की ओर से सभी 19 केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे। कंट्रोल रूम से परीक्षा की लाइव मॉनिटरिंग की गई। जिलाधिकारी द्वारा नियुक्त सेक्टर मजिस्ट्रेट और बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के पर्यवेक्षक व सीएसजेएमयू के नोडल अधिकारी राकेश कुमार मिश्रा, नोडल समन्वयक डॉ बी पी सिंह, कानपुर नगर के समन्वयक डॉ नीरज कुमार ने किया सभी केंद्रों का सघन निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे। किसी भी केंद्र से नकल या अव्यवस्था की कोई सूचना नहीं रही।
केंद्रों पर मुस्तैद रहा पुलिस प्रशासन, अभ्यर्थियों की ली गई तलाशी
परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए प्रशासन ने सख्त इंतजाम किए थे। सुबह से सभी परीक्षा केंद्रों पर पुलिस प्रशासन मुस्तैद रहा । सभी केंद्रों पर मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, कैलकुलेटर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को पूरी तरह प्रतिबंधित रखा गया। मुख्य द्वार पर ही अभ्यर्थियों की मेटल डिटेक्टर से सघन तलाशी ली गई। प्रवेश पत्र और वैध पहचान पत्र की गहन जांच के बाद ही केंद्र में प्रवेश दिया गया। प्रत्येक कक्ष में दो कक्ष निरीक्षक और उड़नदस्तों की तैनाती की गई थी।
पेपर रहा सामान्य
पहली पाली से पेपर देकर बाहर निकली अभ्यर्थी शोभना मिश्रा ने बताया कि पेपर सामान्य रहा। वहीं दूसरी पाली में विषय आधारित प्रश्न पूछे गए। अभ्यर्थी पारूल कटियार ने कहा कि व्यवस्था बहुत अच्छी थी, समय से पहले केंद्र पहुंचने पर कोई दिक्कत नहीं हुई। ज्यादातर अभ्यर्थियों ने पेपर को संतुलित बताया।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

