home page

सावन में मंदिर जा रहे बीबीए छात्र की टैंकर की चपेट में आने से मौत

 | 
सावन में मंदिर जा रहे बीबीए छात्र की टैंकर की चपेट में आने से मौत


कानपुर, 03 अगस्त (हि.स.)। सचेण्डी थाना क्षेत्र में सावन के प्रथम सोमवार की शाम शिव मंदिर के दर्शन के लिए पैदल जा रहे एक छात्र की तेज रफ्तार टैंकर की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने टैंकर को कब्जे में लेकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। चालक की तलाश के साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

मृतक की पहचान इटावा के जसवंतनगर निवासी वंश वर्मा (20) के रूप में हुई है। वह कानपुर के पीएसआईटी कॉलेज में बीबीए द्वितीय वर्ष का छात्र था। पिछले दो वर्षों से वह शहर में किराये के कमरे में अपने मित्र प्रिंश के साथ रहकर पढ़ाई कर रहा था।

आज शाम दोनों छात्र कॉलेज से लौटे थे। वंश ने अपने मित्र से शिव मंदिर चलने की बात कही, लेकिन थकान के कारण उसने मना कर दिया। इसके बाद वंश अकेले ही पैदल मंदिर के लिए निकल गया। बीपीसीएल रोड के पास तेज रफ्तार टैंकर ने उसे टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि छात्र ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद राहगीरों ने चालक को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह टैंकर छोड़कर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजन भी इटावा से कानपुर के लिए रवाना हो गए।

मृतक के मित्र प्रिंश ने बताया कि जब वंश कानपुर पढ़ने आया था, तब उसकी मां ने उससे बेटे का ध्यान रखने के लिए कहा था। हादसे के बाद वह बार-बार यही कहता रहा कि अब वह वंश की मां का सामना कैसे करेगा। उसकी यह बात सुनकर मौके पर मौजूद लोग भी भावुक हो गए।

सचेण्डी थाना प्रभारी दीनानाथ मिश्रा ने बताया कि दुर्घटना में शामिल टैंकर को कब्जे में ले लिया गया है। फरार चालक की तलाश के लिए पुलिस टीम गठित की गई है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप