मथुरा: श्रीजी के दर्शन को उमड़ने लगी भक्तों की भीड़, सुरक्षा के कड़े इंतजाम
मथुरा, 18 सितम्बर(हि.स.)। राधाष्टमी के महापर्व को लेकर बरसाना पूरी तरह सज चुका है और श्रीजी के प्राकट्य उत्सव की पूर्व संध्या पर शुक्रवार से ही बरसाना में बधाइयों के स्वर गूंजने लगे हैं। मंदिर और आसपास के क्षेत्रों में देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की भारी भीड़ लगातार बढ़ने लगी है।
राधाष्टमी के अवसर पर लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन ने शुक्रवार से सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को अंतिम रूप दे दिया है। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पूरे क्षेत्र को जोन और सेक्टर में बांटा गया है। जहां मजिस्ट्रेट और पुलिस बल मुस्तैद रहेंगे तो वही सुरक्षा व्यवस्था में सीसीटीवी कैमरों और कंट्रोल रूम की अहम भूमिका रहेगी। इससे मंदिर परिसर, प्रमुख बाजारों और प्रवेश मार्गों पर पैनी नजर रखी जाएगी। प्रमुख स्थानों पर बैरियर लगाए गए हैं और श्रद्धालुओं को व्यवस्थित तरीके से मंदिर तक पहुंचाने व वापस भेजने के लिए निर्धारित मार्गों का पालन कराया जा रहा है।
डीएम चंद्रप्रकाश सिंह और एसएसपी श्लोक कुमार ने अधिकारियों के साथ बैठककर और पैदल निरीक्षण करते हुए पार्किंग और होल्डिंग एरिया में वाहनों को व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित मार्गों का ही प्रयोग करें और शांति व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करें।
हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार

