home page

मुरादाबाद मंडल में ओएचई कौशल उत्कृष्टता प्रतियोगिता-2026 के फाइनल में बरेली डिपो की टीम ने जीता खिताब

 | 
मुरादाबाद मंडल में ओएचई कौशल उत्कृष्टता प्रतियोगिता-2026 के फाइनल में बरेली डिपो की टीम ने जीता खिताब


मुरादाबाद मंडल में ओएचई कौशल उत्कृष्टता प्रतियोगिता-2026 के फाइनल में बरेली डिपो की टीम ने जीता खिताब


मुरादाबाद मंडल में ओएचई कौशल उत्कृष्टता प्रतियोगिता-2026 के फाइनल में बरेली डिपो की टीम ने जीता खिताब


- ऐसी प्रतियोगिताएं कर्मचारियों के तकनीकी कौशल को निखारती है : मंडल रेल प्रबंधक

मुरादाबाद, 21 सितम्बर (हि.स.)। मुरादाबाद रेल मंडल के कर्षण वितरण विभाग द्वारा ओएचई कर्मचारियों के तकनीकी कौशल, कार्यकुशलता, टीम समन्वय एवं सुरक्षा के प्रति सजगता को और अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से ओएचई स्किल कंपटीशन 2026 का फाइनल मुकाबला सोमवार शाम को मुरादाबाद यार्ड में लोको पायलट गार्ड विश्रामालय के सामने आयोजित किया गया। जिसमें बरेली डिपो की टीम ने खिताब जीता। प्रतियोगिता में मुरादाबाद रेल मंडल के सभी 19 ओएचई डिपो की टीमों ने विभिन्न चरणों में प्रतिभाग किया।

उत्तर रेलवे के मुरादाबाद रेल मंडल में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने बताया कि प्रतियोगिता के दौरान कर्मचारियों की तकनीकी दक्षता, निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन, कार्य की गुणवत्ता, टीमवर्क तथा आपातकालीन परिस्थितियों में कार्य को कम से कम समय में पूरा करने की क्षमता का व्यावहारिक रूप से मूल्यांकन किया गया।

प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य ओएचई कर्मचारियों को वास्तविक ब्रेकडाउन एवं आपातकालीन परिस्थितियों के लिए और अधिक दक्ष एवं तैयार करना है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर ओएचई प्रणाली की सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण बहाली न्यूनतम समय में सुनिश्चित की जा सके और रेल परिचालन को शीघ्र सामान्य किया जा सके।

आज आयोजित फाइनल मुकाबले में ज्वालापुर कर्षण वितरण डिपो एवं बरेली कर्षण वितरण डिपो की टीमों ने हिस्सा लिया। दोनों टीमों को समान तकनीकी कार्य दिया गया तथा मुरादाबाद स्टेशन यार्ड में ओ.एच.ई. पर बारी-बारी से निर्धारित टास्क को पूरा करने का अवसर दिया गया।

प्रतियोगिता में ज्वालापुर डिपो की टीम ने निर्धारित कार्य को 13 मिनट 31 सेकेंड में पूरा किया। इसके पश्चात बरेली डिपो की टीम ने उत्कृष्ट तकनीकी दक्षता, बेहतर टीम समन्वय एवं प्रभावी कार्य निष्पादन का प्रदर्शन करते हुए वही कार्य मात्र 09 मिनट 14 सेकेंड में पूरा कर प्रतियोगिता में विजेता स्थान प्राप्त किया।

इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक विनीता श्रीवास्तव ने दोनों टीमों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं कर्मचारियों के तकनीकी कौशल को निखारने के साथ-साथ उनमें सुरक्षा के प्रति जागरूकता, टीम भावना एवं आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित निर्णय लेकर कार्य करने की क्षमता को मजबूत करती हैं। उन्होंने दोनों टीमों को निर्धारित कार्य पूरी सावधानी एवं सुरक्षा के साथ सफलतापूर्वक पूरा करने के लिए बधाई दी।

मंडल रेल प्रबंधक श्रीमती विनीता श्रीवास्तव एवं वरिष्ठ मंडल विद्युत अभियंता (कर्षण वितरण) सचिन कुमार ने इस अवसर पर उपस्थित पत्रकार एवं मीडिया प्रतिनिधियों को प्रतियोगिता के आयोजन के उद्देश्य, इसकी कार्यप्रणाली तथा ओ.एच.ई. कर्मचारियों की भूमिका के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल