युवक ने फांसी लगाकर दी जान, मौत की वजह तलाश रही पुलिस
बाराबंकी, 08 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में रामनगर थाना क्षेत्र के बिछलखा गांव में गुरुवार को 22 वर्षीय हरिओम लोधी ने कथित रूप से फांसी लगाकर जान दे दी। उसका शव घर के कमरे में लोहे के छल्ले के सहारे गमछे के फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।
मृतक के पिता रामफेर लोधी के अनुसार, बेटा दोपहर करीब 2:30 बजे खेत से घर लौटे थे। कमरे में पहुंचने पर उन्होंने बेटे हरिओम को फंदे से लटका देखा। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके से भगवा रंग का गमछा बरामद किया है। घटनास्थल से फिलहाल कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। मृतक के पिता ने पुलिस को लिखित तहरीर दी है।
हरिओम की शादी करीब दो वर्ष पूर्व विनीता से हुई थी। दंपति की अभी कोई संतान नहीं थी। पति की मौत के बाद पत्नी का रो-रोकर बेहाल है। हरिओम परिवार का इकलौता बेटा था। उसकी 18 वर्षीय बहन है, जो घटना के समय स्कूल गई हुई थी।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जानकारी में पति-पत्नी के बीच विवाद होने की बात सामने आई है। वहीं, मृतक के चचेरे भाई उमाशंकर लोधी ने बताया कि हरिओम ने किसी व्यक्ति से कर्ज लिया था और कर्ज देने वाले लोग रुपये वापस करने के लिए उस पर दबाव बना रहे थे। हालांकि उन्होंने किसी व्यक्ति का नाम नहीं बताया। परिजन भी फिलहाल मौत की स्पष्ट वजह बताने की स्थिति में नहीं हैं।
उपनिरीक्षक संतोष कुमार दीक्षित और उपनिरीक्षक ललित कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी

