हथकड़ी में अधिवक्ता को कोर्ट लाने पर बार ने जताई नाराजगी; कार्रवाई के आश्वासन पर मामला शांत
जौनपुर, 03 अप्रैल (हि.स.)। यूपी के जौनपुर स्थित जलालपुर थाना क्षेत्र के चर्चित आशीष चौहान हत्याकांड में आरोपित अधिवक्ता बाबूराम चौहान को पुलिस द्वारा शुक्रवार को हथकड़ी लगाकर कोर्ट में पेश किए जाने पर दीवानी न्यायालय के अधिवक्ताओं में आक्रोश फैल गया। बार एसोसिएशन पदाधिकारियों ने इसे अनुचित बताते हुए पुलिस के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
बार अध्यक्ष सुभाष चंद्र यादव ने तत्काल पुलिस अधीक्षक से वार्ता कर मामले में हस्तक्षेप की मांग की। अधिवक्ताओं ने आरोप लगाया कि अधिवक्ता को हथकड़ी लगाकर लाना गरिमा के विपरीत है। उन्होंने संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई, जलालपुर थानाध्यक्ष को विवेचना से हटाने और मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग उठाई।
पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए हथकड़ी लगाने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ जांच और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। साथ ही अधिवक्ता की जब्त मोबाइल व वाहन वापस करने के निर्देश भी दिए गए। इसके बाद अधिवक्ताओं का आक्रोश शांत हुआ।
23 सितम्बर 2024 को जलालपुर के संघईपुर गांव में रोहित चौहान की मोबाइल पर गेम खेलते समय चाकू से हत्या कर दी गई थी, जिसमें आशीष चौहान आरोपित था। वह 28 अगस्त 2025 को जेल से बाहर आया था। आरोप है कि रिहाई के बाद वह मृतक के परिजनों के घर के पास जाकर विवादित बातें कर रहा था, जिससे रंजिश बढ़ गई। इसी रंजिश के चलते 25 मार्च को सिरकोनी क्षेत्र में आशीष चौहान की दिनदहाड़े चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई थी।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

