home page

बैंककर्मियों ने मांगाें काे लेकर काला फीता बांधकर किया कार्य

 | 
बैंककर्मियों ने मांगाें काे लेकर काला फीता बांधकर किया कार्य


लखनऊ, 18 अप्रैल (हि.स.)। बैंकों में पांच दिवसीय बैंकिंग लागू करने के लिये राष्ट्रीय स्तर पर बैंककर्मियों ने कुछ माह पूर्व लंबा संघर्ष कार्यक्रम चलाया तथा 27 जनवरी को एक दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल भी की, परंतु बैंककर्मी विरोधी केंद्र सरकार ने अभी तक इसे लागू नहीं किया। यह जानकारी शनिवार काे यूनाइटेड फोरम के जिला संयोजक अनिल श्रीवास्तव ने दी। उन्होंने बताया इसके अलावा सरकार ने स्केल चतुर्थ और उससे ऊपर के अधिकारियों सहित शीर्ष प्रबंधन के लिए मनमाने तरीके से पीएलआई लागू करने का भी निर्देश दिया है, जो कि सुलह प्रक्रिया की अवहेलना है। यह यूनाइटेड फोरम से सीधे टकराव का संकेत है।

अनिल श्रीवास्तव ने आगे बताया कि पूर्व की भांति सभी बैंककर्मी निर्धारित कार्य समय का पालन कर नियमानुसार कार्य करते हुए कोई अतिरिक्त सहयोग नहीं देंगे। सभी आधिकारिक व्हाट्सएप समूहों से बाहर होकर बैंकों के किसी भी आधिकारिक कार्यक्रम में भाग नहीं लेंगे। अधिकारी शाम 06 बजे के बाद प्रबंधन के फोन नहीं उठाएंगे। सभी शाखाओं के बैंककर्मी सीएलसी, आईबीए और डीएफएस को ज्ञापन प्रेषित करेंगे।

फोरम के मीडिया प्रभारी अनिल तिवारी ने बताया कि तीसरे शनिवार को सभी बैंक कर्मचारियों एवं अधिकारियों ने काला रिबन लगाकर कार्य किया।

इसी क्रम में आगे 2 मई (प्रथम शनिवार) को सभी बैंक कर्मी काला बैज लगाएंगे व 16 मई (तीसरे शनिवार) को सभी पदाधिकारी एवं एक्टिविस्ट काले वस्त्र पहनकर अपना विरोध प्रदर्शित करेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. जितेन्‍द्र पाण्डेय