सड़क सुरक्षा पर विशेष अभियान के तहत पुलिस ने किया 53 वाहन सीज, 437 वाहनाें का कटा चालान
बलरामपुर 09 जुलाई (हि.स.)। जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन के निर्देश पर गुरुवार को पूरे जनपद में विशेष सड़क सुरक्षा जागरूकता एवं प्रवर्तन अभियान चलाया गया। अभियान में 53 वाहनों को सीज किया गया, जबकि 437 वाहनों का चालान किया गया। इस दौरान नियमों का पलन करने वाले वाहन चालकों को अधिकारियों ने गुलाब भेंट कर सम्मानित किया।
बलरामपुर नगर के बीर विनय चौराहा पर मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता, अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पांडेय, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) शिव नारायण सिंह, उप जिलाधिकारी बलरामपुर हेमंत गुप्ता, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी बृजेश यादव ने लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।
अधिकारियों ने वाहन चालकों से हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, नशे की हालत में वाहन न चलाने तथा वाहन के सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखने की अपील की। अभियान के तहत पूरे जनपद में प्रमुख चौराहों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। साथ ही यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध सघन कार्रवाई की गई।
दोपहिया और चारपहिया वाहनों की जांच की गई। इस दौरान हेलमेट, सीट बेल्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, आरसी, बीमा और प्रदूषण प्रमाण-पत्र समेत अन्य आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन किया गया। जिन वाहन चालकों के पास सभी आवश्यक दस्तावेज मिले और जो यातायात नियमों का पालन करते हुए पाए गए, उन्हें गुलाब का फूल भेंट कर सम्मानित किया गया।
वहीं नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए 53 वाहनों को सीज और 437 वाहनों का चालान किया गया। इस दाैरान 8 लाख 17 हजार 500 रुपये का जुर्माना लगाया गया। साथ ही वाहन चालकों को भविष्य में यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित वाहन संचालन के प्रति भी जागरूक किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रभाकर कसौधन

