पथरी के ऑपरेशन के दौरान महिला की मौत, निजी अस्पताल में बवाल
बलिया, 23 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बलिया में निजी अस्पताल में पथरी के ऑपरेशन के दौरान एक महिला की मौत के बाद रविवार देर रात बवाल हो गया। गुस्साई भीड़ तोड़फोड़ करने लगी। मौके पर पहुंचे पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने स्थिति को काबू में किया।
सुखपुरा थाना क्षेत्र के देवकली की रहने वाली 24 वर्षीय महिला अनीशा राय पत्नी शिवांशु राय को पथरी के ऑपरेशन के लिए शहर स्थित अपूर्वा हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। ऑपरेशन के दौरान अनिशा राय की मौत हो गई। इसकी जानकारी होने पर परिजन हंगामा करने लगे। थोड़ी ही देर में मौके पर सैकड़ों लोग इकट्ठा हो गए। लोगों ने हॉस्पिटल में जमकर उत्पात मचाना शुरू कर दिया। लोगों के गुस्से को देख अस्पताल के कर्मचारी गेट बंद कर छिप गए और पुलिस को सूचित किया। इसकी जानकारी मिलते ही भारी संख्या में पुलिस के जवान पहुंच गए। लोगों के गुस्से को शांत करने के लिए मौके पर एडीएम अनिल कुमार व एएसपी कृपाशंकर भी पहुंच गए।हालांकि परिजन डॉक्टरों और अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग पर अड़ गए। वहीं, पुलिस के अनुसार अनिशा राय का पथरी के ऑपरेशन के दौरान अत्यधिक खून बह जाने के कारण मौत होना बताया जा रहा है। जांच में पता चला कि छह माह पहले भी अनीशा राय का सिजेरियन आपरेशन हुआ था।
एएसपी कृपाशंकर ने कहा कि मौके पर शांति है। प्राप्त तहरीर के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस सम्बन्ध में एडीएम अनिल कुमार ने बताया कि मृतका के परिजनों ने जो आरोप लगाए हैं, डाक्टरों की टीम से जांच करायी जाएगी। इसमें जो भी दोषी होगा कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नीतू तिवारी

