home page

बलिया की वैभवी ने सब जूनियर स्टेट कराटे चैंपियनशिप में जीता गोल्ड

 | 
बलिया की वैभवी ने सब जूनियर स्टेट कराटे चैंपियनशिप में जीता गोल्ड


बलिया, 27 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आयोजित सब जूनियर स्टेट कराटे चैंपियनशिप में बलिया की बेटी वैभवी सिंह ने गोल्ड मेडल हासिल कर जिले का मान बढ़ाया है। वैभवी की इस स्वर्णिम सफलता को देखते हुए राज्य स्तरीय चयन समिति ने नेशनल टूर्नामेंट के लिए चयनित किया है।

श्रीराम कालोनी निवासी और जिला फुटबाल संघ के उपाध्यक्ष अवधेश कुमार सिंह बिंटू ने साेमवार काे बताया कि बेटी वैभवी सिंह (11) सातवीं कक्षा की छात्रा है। बेटी वैभवी ने कोच अंबिका भारद्वाज और प्रशिक्षक उन्नति भारद्वाज की देखरेख में ब्रह्मस्थान मऊ में कराटे की बारीकियां सीख रही है। एक दिन पूर्व लखनऊ में 24 से 26 अप्रैल तक आयोजित सब जूनियर स्टेट कराटे चैंपियनशिप में बेटी ने प्रतिभाग किया। चैंपियनशिप में 25 अप्रैल को हुए मुकाबले में 40 किलो वर्ग में बेटी वैभवी ने गोल्ड मेडल हासिल किया है। इस उपलब्धि की जानकारी मिलते ही परिवार और जिले के खेल प्रेमियों में खुशी की लहर दौड़ गयी।

पिता अवधेश सिंह का कहना है कि बेटी वैभवी शुरू से ही होनहार है। अब इसका लक्ष्य राष्ट्रीय पदक जीतना है, क्योंकि उसकी लगन और मेहनत से ही राष्ट्रीय चैंपियनशिप के लिए चयनित की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नीतू तिवारी