home page

विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण के शिल्पकार शिक्षक : दयाशंकर सिंह

 | 
विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण के शिल्पकार शिक्षक : दयाशंकर सिंह


बलिया, 05 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बलिया में शिक्षक दिवस के अवसर पर शनिवार को गंगा बहुद्देशीय सभागार में शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान उपस्थित अधिकारियों, शिक्षकों एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं ने गोरखपुर में आयोजित राज्य स्तरीय शिक्षक दिवस समारोह का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का सजीव प्रसारण देखा और सुना।

इस अवसर पर बलिया जिले के माध्यमिक एवं बेसिक शिक्षा विभाग के उत्कृष्ट शिक्षकों को भी सम्मानित किया गया। समारोह को संबोधित करते हुए परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों के ज्ञान, कौशल, संस्कार और दृष्टिकोण में सकारात्मक परिवर्तन लाकर उनके व्यक्तित्व का निर्माण करते हैं। उन्होंने कहा कि व्यक्ति के जीवन में होने वाले विकास के पीछे शिक्षक की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। शिक्षक केवल शिक्षा प्रदान करने का कार्य नहीं करते, बल्कि विद्यार्थियों को संस्कार, अनुशासन और जीवन में आगे बढ़ने की दिशा भी देते हैं।

उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज और राष्ट्र के निर्माण की मजबूत नींव हैं। प्रदेश स्तर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों के साथ ही बलिया के माध्यमिक और बेसिक शिक्षा विभाग के शिक्षकों को भी मंच पर सम्मानित किया गया। उन्होंने कहा कि ऐसे सम्मान शिक्षकों के उत्साह को बढ़ाने के साथ-साथ अन्य शिक्षकों को भी बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षक दिवस देश के प्रथम उपराष्ट्रपति और द्वितीय राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती के अवसर पर मनाया जाता है। उन्होंने सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर बेहतर कार्य करने का आह्वान किया।

उत्कृष्ट कार्य के लिए 50 शिक्षक सम्मानित

परिवहन मंत्री ने बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 50 शिक्षकों, प्रधानाध्यापकों, शिक्षामित्रों एवं अनुदेशकों को प्रशस्ति पत्र एवं शॉल भेंट कर सम्मानित किया। सम्मानित शिक्षकों के शिक्षा के क्षेत्र में किए गए उल्लेखनीय कार्यों की सराहना की गई। अधिकारियों ने कहा कि शिक्षकों द्वारा किए जा रहे नवाचार और बेहतर शैक्षिक प्रयास विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। इस कार्यक्रम में जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह, सीडीओ आलोक कुमार समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नीतू तिवारी