home page

बलिया सनबीम की अंडर-14 व 19 टीमें नेशनल हाकी चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई

 | 
बलिया सनबीम की अंडर-14 व 19 टीमें नेशनल हाकी चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई


बलिया, 03 अगस्त (हि.स.)। बलिया के सनबीम स्कूल की अंडर 14 व 19 टीमों के खिलाड़ियों ने गोरखपुर स्थित बीएन पब्लिक स्कूल में आयोजित तीन दिवसीय 'सीबीएसई ईस्ट ज़ोन हॉकी चैंपियनशिप 2026-27' में खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए इतिहास रच दिया है। दोनों टीमों ने हरियाणा में आयोजित होने वाली आगामी सीबीएसई नेशनल हॉकी चैंपियनशिप के लिए भी आधिकारिक रूप से क्वालीफाई कर लिया है।

सीबीएसई ईस्ट ज़ोन हॉकी चैंपियनशिप के फाइनल मैच में विद्यालय की अंडर-14 टीम ने डीपीएस पटना और अंडर-19 टीम ने आर्मी पब्लिक स्कूल, कानपुर को हराकर अपने-अपने वर्ग में प्रथम स्थान हासिल कर गोल्ड मेडल पर कब्जा जमाया। इस दोहरी स्वर्णिम सफलता के साथ ही सनबीम की टीमें नेशनल के लिए क्वालीफाई कर गयी हैं।

उल्लेखनीय है कि वीर बहादुर सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज, गोरखपुर में 31 जुलाई से दो अगस्त तक आयोजित इस प्रतियोगिता में ईस्ट ज़ोन की कई प्रतिष्ठित टीमों ने भाग लिया। प्रतियोगिता के दौरान सनबीम स्कूल बलिया के खिलाड़ियों ने अनुशासन,शारीरिक दक्षता और बेहतरीन खेल रणनीति का प्रदर्शन करते हुए सभी मुकाबलों में प्रतिद्वंद्वी टीमों को मात दी।

खिलाड़ियों की सफलता पर विद्यालय निदेशक डॉ कुंवर अरुण सिंह ने अपनी प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि अंडर-14 और अंडर-19 खिलाड़ियों ने यह साबित कर दिया है कि जब सही दिशा,कड़ी मेहनत और दृढ़ संकल्प का मेल होता है, तो सफलता अवश्य मिलती है। विद्यालय परिवार को अपने इन युवा चैंपियनों पर अत्यंत गर्व है। हमें पूरा विश्वास है कि हरियाणा में होने वाले नेशनल में भी बलिया के ये सितारे अपने खेल से पूरे प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।

विद्यालय की प्रधानाचार्या अर्पिता सिंह ने सभी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि जीत की यह ट्रॉफी हमारे खिलाड़ियों के निरंतर अभ्यास, कोचों के अथक परिश्रम और अभिभावकों के अटूट विश्वास का परिणाम है।हमारा उद्देश्य बच्चों को हर क्षेत्र में आगे बढ़ाना है। यह तो बस एक शुरुआत है,आगे सफलता के कई नए कीर्तिमान स्थापित करने बाकी हैं।

इस खेल महाकुंभ में सनबीम बलिया के खिलाड़ियों ने अपने शानदार खेल से सभी का दिल जीत लिया। जीत के बाद विद्यालय प्रांगण और पूरे जनपद में खुशी का माहौल है। शिक्षक-शिक्षिकाओं,अभिभावकों ने पूरी टीम, खेल प्रशिक्षकों और सनबीम परिवार को इस अभूतपूर्व सफलता के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नीतू तिवारी