home page

हर प्रकार के विकास में शिक्षा सर्वोपरि : अमृता बर्मन

 | 
हर प्रकार के विकास में शिक्षा सर्वोपरि : अमृता बर्मन


बलिया, 03 जुलाई (हि.स.)। सनबीम ग्रुप ऑफ एजुकेशनल इंस्टीट्यूशंस की डायरेक्टर अमृता बर्मन ने कहा कि हर प्रकार के विकास में शिक्षा सर्वोपरि है। उन्होंने कहा कि सफलता अथक परिश्रम, लगन व अटूट विश्वास से आती है और इसके लिए नियमित अभ्यास बेहद जरूरी है।

अमृता बर्मन बलिया में दो दिवसीय दौरे पर हैं। अपने दौरे के पहले दिन शुक्रवार काे उन्होंने सनबीम स्कूल की मॉर्निंग असेंबली, पेरेंट्स फोरम और स्टूडेंट्स फोरम में विशेष रूप से भाग लिया। मार्निंग असेंबली के दौरान विशेष साक्षात्कार सत्र में बच्चों के प्रश्नों का उत्तर देते हुए शीर्ष सौ ग्लोबल एजुकेशनिस्ट्स में शामिल बर्मन ने अपनी विदेश यात्राओं का अनुभव साझा करते हुए उन्होंने सिंगापुर, जापान और फिनलैंड की उत्कृष्ट शिक्षा प्रणाली को रेखांकित किया तथा जीवन में पुस्तकों के महत्व को समझाया।

उन्होंने सनबीम बलिया की चकाचौंध वाली व्यवस्था की मुक्त कंठ से प्रशंसा की और बच्चों के अनुशासित व्यवहार को सराहा। इस दौरान बर्मन ने हिंदुस्तान ओलंपियाड में उत्कृष्ठ प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को अपने मेडल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने स्कूल की सभी कक्षाओं का सघन निरीक्षण भी किया। इसके पश्चात आयोजित 'पेरेंट्स फोरम' में बड़ी संख्या में अभिभावकों ने हिस्सा लिया। इस मंच पर अभिभावकों के साथ विद्यालय की कार्यप्रणाली और पाठ्यक्रम से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर खुलकर विचार-विमर्श हुआ। अभिभावकों ने बच्चों के पठन-पाठन और स्कूल की व्यवस्थाओं को लेकर कई प्रश्न पूछे।

दिन के अंतिम सत्र 'स्टूडेंट्स फोरम' में डायरेक्टर ने विद्यार्थियों के अध्ययन से संबंधित समग्र प्रक्रियाओं व क्रियाकलापों की जानकारी ली। उन्होंने बच्चों को बेहतर पढ़ाई करने और परीक्षा के तनाव से दूर रहने के लिए कई महत्वपूर्ण टिप्स दिए और उन्हें निरंतर सीखते रहने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर विद्यालय के चेयरमैन संजय पांडेय, सचिव श्रीवत्स सिंह, निदेशक डॉ. कुंवर अरुण सिंह, प्रधानाचार्या डॉ. अर्पिता सिंह, उपप्रधानाचार्य पंकज सिंह और प्रशासक संतोष कुमार चतुर्वेदी, ग्लोबल कोऑर्डिनेटर सहर बानो, हेडमिस्ट्रेस नीतू पांडेय आदि मौजूद रहे। संचालन अक्षत दुबे ने किया, जबकि मंच पर साक्षात्कार (इंटरव्यू) के दौरान छात्र शौर्य और छात्रा जान्हवी ने अपनी प्रभावी भूमिका निभाई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नीतू तिवारी