home page

बलिया को लगातार चौथी बार मिला बेस्ट सनबीम स्कूल ऑफ द ईयर का खिताब

 | 
बलिया को लगातार चौथी बार मिला बेस्ट सनबीम स्कूल ऑफ द ईयर का खिताब


बलिया, 25 मार्च (हि.स.)। बलिया के सनबीम स्कूल ने वाराणसी में डीएचके एडुसर्व द्वारा आयोजित एप्रिसिएशन कॉन्क्लेव 2026 में अपना परचम लहराया है। इस कॉन्क्लेव में उत्तर प्रदेश के कई अन्य जिलों में संचालित सनबीम स्कूलों में यह लगातार चौथी बार अग्रणी रहा। विद्यालय प्रबंधन तथा विद्यालय के शिक्षकों द्वारा किए जा रहे परिश्रम का यह परिणाम है कि यहां के छात्र प्रतियोगिताओं में अव्वल रहते हैं।

विदित हो कि वाराणसी स्थित सनबीम ग्रुप अपने द्वारा संचालित समस्त सनबीम स्कूलों द्वारा किए जा रहे शैक्षिक कार्यों की प्रतिपुष्टि के लिए प्रतिवर्ष प्रशंसा संगम समारोह का आयोजन करता है। इसमें प्रति वर्ष बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले विद्यालयों का चयन सनबीम ग्रुप की विशिष्ट कमेटी क्वालिटी एश्योरेंस रिसर्च एवं डेवलपमेंट के सदस्यों द्वारा समस्त संबद्ध स्कूलों के वर्ष भर किए गए शैक्षिक गतिविधियों का मूल्यांकन किया जाता है। उनकी योग्यता के आधार पर उन्हें पुरस्कार हेतु नामित किया जाता है। इस वर्ष भी वाराणसी ग्रुप के समस्त 17 संबद्ध स्कूलों के पदाधिकारियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई थी।

इस सम्मान समारोह में सनबीम बलिया ने अपनी सर्वोत्कृष्ट योग्यता के आधार पर लगातार चौथी बार बेस्ट सनबीम स्कूल ऑफ द ईयर का पुरस्कार प्राप्त कर एक अनोखा रिकॉर्ड बनाया है।

इन पुरस्कारों में क्रमशः शिक्षा के साथ-साथ समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी बखूबी समझने और पठन-पाठन के अतिरिक्त विद्यार्थियों के साथ सक्रिय रूप से सामाजिक कार्यों में भागीदारी करने हेतु बेस्ट इन कम्युनिटी इंगेजमेंट, खेल जगत में विद्यार्थियों के सही मार्गदर्शन एवं अनेक उपलब्धियों के लिए बेस्ट इन स्पोर्ट्स व शिक्षा क्षेत्र में समाज में एक सर्वोत्तम एवं अमिट छाप स्थापित करने के लिए बेस्ट इन ब्रांडिंग एंड मार्केटिंग अवॉर्ड से सम्मानित किया गया।

इसके अतिरिक्त विद्यालय के दो अध्यापकों विनीत दुबे को इनोवेटिव स्ट्रेटजी इन मैथ्स और उपासना सिंह को इनोवेटिव स्ट्रेटजी इन सोशल साइंस अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। विद्यालय को यह समस्त पुरस्कार सनबीम ग्रुप के चेयरमैन डाॅ. दीपक मधोक, डायरेक्टर भारती मधोक, डिप्टी डायरेक्टर अमृता बर्मन, एडिशनल डायरेक्टर प्रतिमा गुप्ता तथा एकेडमिक डीन आदित्य चौधरी के हाथों दिया गया।

पुरस्कार ग्रहण करने हेतु सनबीम बलिया की ओर से विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष संजय कुमार पांडेय, सचिव श्रीवत्स सिंह, निदेशक डॉ. कुंवर अरुण सिंह व प्रधानाचार्या डॉ. अर्पिता सिंह उपस्थित रहे। इस उपलब्धि पर विद्यालय निदेशक डॉ. कुंवर अरुण सिंह ने कहा कि यह उपलब्धि किसी एक की नहीं अपितु विद्यालय में कार्यरत समस्त सदस्यों की अथक मेहनत एवं परिश्रम का प्रतिफल है।

हिन्दुस्थान समाचार / नीतू तिवारी