दक्षिणा चोरों से सुपारी लेकर ध्यान भटकाने के लिए ओपी राजभर दे रहे ऊल-जुलूल बयान
बलिया, 18 जून (हि.स.)। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री ओमप्रकाश राजभर द्वारा दिए गए बयान कि बागी बलिया का ब्राह्मण सपा सांसदों की बगावत का नेतृत्व करेगा पर समाजवादी पार्टी के राज्यसभा सांसद राजीव राय ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। गुरुवार को बलिया प्रवास पर आए घोसी से सपा सांसद राजीव राय ने कहा कि ओमप्रकाश राजभर दक्षिणा चोरों से सुपारी लेकर ध्यान भटकाने के लिए इस प्रकार के ऊल-जुलूल बयान दे रहे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोगों से सुपारी लेकर इस तरह की राजनीतिक बयानबाजी की जा रही है। सपा सांसद ने दावा किया कि हाल ही में राजभर दिल्ली में सीट मांगने गए थे, लेकिन उन्हें यह कहकर फटकार दिया गया कि घोसी उपचुनाव और लोकसभा चुनाव में उनकी राजनीतिक हैसियत सामने आ चुकी है। उन्होंने कहा कि इसके बाद राजभर ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से भी संपर्क साधने की कोशिश की, लेकिन वहां से भी उन्हें निराशा हाथ लगी।
राजीव राय ने व्यंग्यात्मक अंदाज में कहा कि फटकार और दुत्कारे जाने के बाद ओमप्रकाश राजभर मानसिक रूप से विक्षिप्त हो गए हैं। कहा कि मैं तथा बलिया से सपा सांसद सनातन पांडेय मिलकर उनका इलाज बेंगलुरु में कराएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि वर्ष 2024 में उन्होंने जिन नेताओं को बकबकाइटिस की बीमारी से ग्रसित बताया था, वह अब गंभीर रूप ले चुकी है।
सपा सांसद ने आगे दावा किया कि यदि पार्टी नेतृत्व चाहे तो समाजवादी पार्टी कम से कम 50 भाजपा विधायकों को अपने साथ जोड़ सकती है।
राजीव राय के इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में बयानबाजी और तेज होने की संभावना है। हालांकि, ओमप्रकाश राजभर की ओर से बलिया से बगावत की को सपा सांसद सनातन पांडेय दिल्ली में सिरे से खारिज कर चुके हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नीतू तिवारी

