home page

रक्षाबंधन पर प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और सेना के जवानों तक पहुंचेंगे बच्चों के भावुक पत्र

 | 
रक्षाबंधन पर प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और सेना के जवानों तक पहुंचेंगे बच्चों के भावुक पत्र


बलिया, 22 अगस्त (हि.स.)। रक्षाबंधन के पावन पर्व के उपलक्ष्य में बलिया जनपद के सनबीम स्कूल में एक विशेष 'पत्र लेखन एवं राखी प्रेषण' कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने देश के प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री तथा सीमाओं पर तैनात भारतीय सेना के वीर अधिकारियों व जवानों के लिए हस्तलिखित पत्र और राखियां तैयार कीं। बच्चों ने अपने संदेशों में देश की सुरक्षा में तत्पर सैनिकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की और उनकी दीर्घायु की कामना की।

इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डाक विभाग बलिया के पोस्टमास्टर अजीत दूबे ने विद्यार्थियों के इस प्रयास की सराहना की। उन्होंने कहा कि डिजिटल क्रांति के इस दौर में हाथों से लिखे पत्रों का महत्व और भावनात्मक गहराई अद्वितीय है। जब सीमा पर तैनात जवानों को बच्चों द्वारा लिखे पत्र और राखियां मिलेंगी, तो उनका उत्साह और मनोबल दोगुना हो जाएगा।

कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि की देखरेख में सभी पत्रों और राखियों को डाक विभाग के सुपुर्द किया गया, ताकि रक्षाबंधन से पूर्व ये पत्र संबंधित गणमान्य व्यक्तियों और सेना के जवानों तक पहुंच सकें।

इस अवसर पर विद्यालय के डायरेक्टर कुंवर अरुण सिंह गामा, प्रधानाचार्या डॉ. अर्पिता सिंह तथा शिक्षकगण एवं भारी संख्या में छात्र उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नीतू तिवारी