home page

मोदी सरकार के 12 वर्षों में देश के साथ बलिया के विकास को मिली रफ्तार : मंत्री दयाशंकर मिश्र

 | 
मोदी सरकार के 12 वर्षों में देश के साथ बलिया के विकास को मिली रफ्तार : मंत्री दयाशंकर मिश्र


बलिया, 14 जून (हि.स.)। केंद्र में नरेंद्र मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के पर जिले के प्रभारी मंत्री दयाशंकर मिश्र दयालु ने विकास भवन सभागार में रविवार को प्रेसवार्ता कर सरकार की उपलब्धियों और जनपद में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में केंद्र में सरकार बनने के बाद देश के साथ-साथ बलिया का भी तेजी से विकास हुआ है। उन्होंने कहा कि सरकार ने वर्ष 2027 तक के लिए स्पष्ट विकास लक्ष्य निर्धारित किए हैं और सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मंत्र पर कार्य कर रही है।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि सुरहाताल (जयप्रकाश नारायण पक्षी विहार) का देश के 100वें रामसर स्थल के रूप में घोषित होना बलिया के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है। इससे जिले की जैव विविधता, प्राकृतिक धरोहर और पर्यावरणीय महत्व को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी। उन्होंने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की उपलब्धियां बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत जिले के 5.08 लाख से अधिक किसानों को 1524.72 करोड़ रुपये की सहायता प्रदान की गई है। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत 74,992 तथा प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत 21,082 लाभार्थियों को आवास उपलब्ध कराया गया है। पीएम स्वनिधि योजना के तहत 9,610 लाभार्थियों को 14.41 करोड़ रुपये का ऋण दिया गया है, जबकि पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत 1,697 उपभोक्ताओं द्वारा 5.50 मेगावाट क्षमता के रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं।

उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत 5.05 लाख से अधिक शौचालयों का निर्माण कराया गया है, जबकि नगरीय क्षेत्र में 14,491 व्यक्तिगत शौचालय बनाए गए हैं। मनरेगा योजना के तहत 1302.98 करोड़ रुपये व्यय कर लाखों मानव दिवस सृजित किए गए तथा बड़ी संख्या में परिवारों को रोजगार उपलब्ध कराया गया है। उन्होंने कहा कि जिले में चयनित 393 अमृत सरोवरों में से 337 का निर्माण पूरा हो चुका है।

स्वास्थ्य क्षेत्र की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए मंत्री ने बताया कि आयुष्मान भारत योजना के तहत 10.60 लाख से अधिक आयुष्मान कार्ड बनाए गए हैं और 130,251 लाभार्थियों को 249.35 करोड़ रुपये का क्लेम भुगतान किया गया है। वहीं प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत 2.24 लाख से अधिक परिवारों को मुफ्त गैस कनेक्शन उपलब्ध कराया गया है। प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, अटल पेंशन योजना तथा जनधन योजना के माध्यम से बड़ी संख्या में लोगों को आर्थिक सुरक्षा और बैंकिंग सुविधाओं से जोड़ा गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नीतू तिवारी