home page

तिरंगा यात्रा : देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया बलिया,विद्यार्थियों में दिखा विशेष उत्साह

 | 
तिरंगा यात्रा : देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया बलिया,विद्यार्थियों में दिखा विशेष उत्साह


बलिया, 11 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बलिया में हर घर तिरंगा अभियान के तहत मंगलवार को भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। इस दौरान समूचा बलिया राष्ट्रभक्ति में सराबोर नजर आया। वीर लोरिक स्टेडियम से जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह एवं पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने तिरंगा यात्रा रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में हजारों लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस दौरान पूरा शहर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।

तिरंगा यात्रा वीर लोरिक स्टेडियम से शुरू होकर कुंवर सिंह चौराहा, टीडी कॉलेज चौराहा, ओवरब्रिज, विशुनीपुर चौराहा होते हुए शहीद पार्क पहुंची। यहां राष्ट्रगान के साथ रैली का समापन हुआ। इस अवसर पर जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान नौ से 17 अगस्त तक गौरव और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम तहसील, ब्लॉक और ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर भी आयोजित किया जा रहा है। रैली के दौरान प्रतिभागियों ने हाथों में तिरंगा लेकर राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।

जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक राष्ट्रीय ध्वज लेकर रैली में शामिल हुए। दोनों अधिकारियों ने सेल्फी प्वाइंट पर सेल्फी लेकर प्रतिभागियों का उत्साह भी बढ़ाया। तिरंगा यात्रा में विद्यार्थियों और पुलिसकर्मियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। पूरे यात्रा मार्ग पर देशभक्ति के नारों और हाथों में लहराते तिरंगों से माहौल राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत रहा। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आमजन में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान की भावना को और मजबूत करना रहा। रैली के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा और पूरे मार्ग पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई। तिरंगा यात्रा में एडीएम अनिल कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट आसाराम वर्मा समेत बड़ी संख्या में आमजन शामिल हुए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नीतू तिवारी