home page

बलिया शहर में विधायक निधि से सीसीटीवी कैमरे नहीं लगाए जाने पर मंत्री दयाशंकर सिंह ने जतायी नाराजगी

 | 
बलिया शहर में विधायक निधि से सीसीटीवी कैमरे नहीं लगाए जाने पर मंत्री दयाशंकर सिंह ने जतायी नाराजगी


बलिया, 16 मई (हि.स.)। आयुष खाद्य सुरक्षा एवं औषधि राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर मिश्र दयालु ने शनिवार को विकास भवन सभागार में विकास कार्य को लेकर जनप्रतिनिधियों और जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के विकास कार्यों, सड़कों, पुलों, नहरों, विद्युत व्यवस्था और नगर विकास से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।

परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने शहर में सीसीटीवी कैमरे नहीं लगाए जाने पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि इसके लिए उनकी निधि से पांच करोड़ रुपये दिए जा चुके हैं, इसलिए कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

परिवहन मंत्री ने माल्देपुर से बन रहे बाईपास को महावीर घाट तक लगभग दो किलोमीटर जोड़ने हेतु एस्टीमेट तैयार करने के निर्देश दिए। विधानसभा बलिया क्षेत्र में वैना से बाईपास कॉरिडोर निर्माण पर चर्चा करते हुए अधिकारियों ने बताया कि जून माह से किसानों का पंजीकरण शुरू किया जाएगा। वहीं नगरा से बरौली मार्ग तथा एनएच-31 देवरिया से हल्दी तक सड़क निर्माण कार्य को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए गए। वहीं मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने सिंचाई विभाग को निर्देश दिए कि सुखपुरा नहर से बसंतपुर तक जाने वाली सड़क के चौड़ीकरण और सुखपुरा टंकी से गांव तक जाने वाली सड़क की मरम्मत कराई जाए। बसंतपुर नहर से सुखपुरा तक सड़क की खराब स्थिति पर नाराजगी जताते हुए दोबारा निर्माण कराने को कहा गया।

चिलकहर ब्लॉक के ग्राम सवरा में निर्माणाधीन पुल को चौड़ा करने तथा सिकंदरपुर-मनियर-लालगंज मार्ग को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश भी दिए गए। बिहार से चांदपुर मार्ग पर अधूरे पुल निर्माण कार्य को भी जल्द पूरा करने को कहा गया। बाढ़ खंड विभाग की वर्तमान में संचालित नौ परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए प्रभारी मंत्री दयालु ने बांध निर्माण कार्य को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने सिंचाई विभाग की कार्यदायी संस्था को नहरों की सफाई में लापरवाही पर फटकार लगाई। इस दौरान जिला पंचायतराज अधिकारी को बांसडीह तहसील क्षेत्र में सरकारी जमीन पर हुए कब्जों को हटाने के निर्देश दिए गए। वहीं विद्युत विभाग को जर्जर तार बदलने, आवश्यक स्थानों पर ट्रांसफार्मर और खंभे लगाने तथा स्मार्ट मीटर को लेकर फैली भ्रांतियों को दूर करने के निर्देश दिए गए।

नगर पालिका को निर्देश दिए कि बरसात से पहले शहर के सभी नालों की सफाई, पार्कों, स्मारकों और मूर्तियों की साफ- सफाई सुनिश्चित कर लें। बैठक में बताया गया कि शहर में 400 सफाई कर्मचारी तैनात हैं और नियमित रूप से कूड़ा उठान का कार्य किया जा रहा है। बैठक में अनुपस्थित पीडब्ल्यूडी और जल निगम नगरीय अधिकारियों के बिना अनुमति मुख्यालय छोड़ने पर जिलाधिकारी ने उनका एक दिन का वेतन रोकने के आदेश दिए। वहीं प्रभारी मंत्री ने सीएमओ को जिला अस्पताल में एमआरआई मशीन स्थापना हेतु प्रस्ताव तैयार करने को कहा। बैठक में बांसडीह विधायक केतकी सिंह, एमएलसी रविशंकर उर्फ पप्पू, जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह, पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह, सीडीओ ओजस्वी राज व भाजपा जिलाध्यक्ष संजय मिश्रा भी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नीतू तिवारी