home page

बलिया : गंगा में नहाते समय वीडियो बना रहे दो युवक डूबे, तलाश जारी

 | 
बलिया : गंगा में नहाते समय वीडियो बना रहे दो युवक डूबे, तलाश जारी


बलिया, 14 नवंबर (हि.स.)। बलिया के फेफना थाना क्षेत्र के माल्देपुर घाट पर शनिवार को गंगा नदी में स्नान करते समय वीडियो बनाने के दौरान दो युवक डूब गए। दोनों की उम्र करीब 18 से 20 वर्ष बताई जा रही है। दोनों अलग-अलग परिवारों के रहने वाले हैं और आपस में दोस्त हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया और युवकों की तलाश शुरू कर दी गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शहर के जगदीशपुर निवासी 20 वर्षीय रौनक श्रीवास्तव पुत्र आनंद प्रकाश व चित्तू पांडेय चौराहा निवासी 19 वर्षीय मारुति नंदन पुत्र नारायण गुप्ता शनिवार की शाम माल्देपुर घाट पर स्नान करने पहुंचे थे। बताया जाता है कि नहाते समय दोनों वीडियो बना रहे थे। इसी दौरान एक युवक का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। उसे बचाने के प्रयास में दूसरे युवक का भी पैर फिसल गया और वह भी नदी में डूब गया।

घटना के बाद स्थानीय गोताखोरों की मदद से दोनों युवकों की तलाश शुरू की गई। मौके पर पीएसी की फ्लड प्लाटून लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है। अंधेरा होने के कारण प्रकाश की व्यवस्था कर तलाश जारी रखी गई। वहीं, युवकों को जल्द से जल्द खोजने के लिए एनडीआरएफ को भी सूचना दी गई है।

पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने लोगों से अपील की है कि हाल ही में बाढ़ का पानी उतरने के बाद गंगा के घाटों पर कटान और गहरे गड्ढे बने हुए हैं। ऐसे में अनजान स्थानों पर स्नान करने से बचें। केवल सामान्य और सुरक्षित घाटों पर ही जाएं। उन्होंने बच्चों और युवाओं को विशेष रूप से सतर्क रहने की सलाह दी है। साथ ही गहरे पानी में जाने और स्नान के दौरान वीडियो बनाने से बचने की अपील की है।

हिन्दुस्थान समाचार / नीतू तिवारी