home page

बसपा विधायक उमाशंकर सिंह के निधन से बलिया में शोक की लहर

 | 
बसपा विधायक उमाशंकर सिंह के निधन से बलिया में शोक की लहर


बलिया, 05 अगस्त (हि.स.)। बलिया के रसड़ा विधानसभा क्षेत्र से लगातार तीन बार के विधायक व बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के वरिष्ठ नेता उमाशंकर सिंह का बुधवार शाम दिल्ली में निधन हो गया। वे पिछले कुछ समय से कैंसर से जूझ रहे थे और उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर मिलते ही बलिया सहित पूर्वांचल के राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

उमाशंकर सिंह ने अपने सार्वजनिक जीवन की शुरुआत छात्रसंघ राजनीति से की थी। छात्र राजनीति से आगे बढ़ते हुए उन्होंने अपनी अलग राजनीतिक पहचान बनाई और रसड़ा विधानसभा सीट से लगातार तीन बार (2012, 2017 और 2022) विधायक निर्वाचित हुए। क्षेत्र में उनकी मजबूत जनाधार और सक्रिय जनसंपर्क के कारण वे एक लोकप्रिय जनप्रतिनिधि के रूप में जाने जाते थे।

राजनीतिक जीवन के साथ-साथ उमाशंकर सिंह अपनी उदारता और समाजसेवा के लिए भी प्रसिद्ध थे। जरूरतमंदों की सहायता करने के कारण लोग उन्हें दानवीर के नाम से भी जानते थे। शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक कार्यों में उनके योगदान की अक्सर चर्चा होती रही।

उनके निधन की सूचना मिलते ही विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, सामाजिक संगठनों और उनके समर्थकों ने गहरा शोक व्यक्त किया। लोगों ने इसे बलिया की राजनीति और समाज के लिए अपूरणीय क्षति बताया। जिले भर में उनके समर्थकों और शुभचिंतकों के बीच शोक का माहौल है।

उमाशंकर सिंह वर्ष 1990-91 में बलिया के प्रसिद्ध सतीश चंद्र कॉलेज के छात्र संघ के महामंत्री निर्वाचित हुए थे। इसके बाद साल 2000 में वे बलिया के जिला पंचायत सदस्य चुने गए, जिससे स्थानीय राजनीति में उनका कद काफी बढ़ गया। रसड़ा विधानसभा सीट के सामान्य (आरक्षण से मुक्त) होने के बाद, उन्होंने पहली बार बसपा के टिकट पर चुनाव लड़ा और शानदार जीत दर्ज की।

साल 2017 में उत्तर प्रदेश में प्रचंड भाजपा लहर के बावजूद उन्होंने रसड़ा सीट पर बसपा का परचम लहराया और दोबारा विधायक बने। साल 2022 के विधानसभा चुनावों में जब समूचे उत्तर प्रदेश में बसपा सिमट गई, तब उमाशंकर सिंह बसपा के इकलौते उम्मीदवार थे जिन्होंने अपनी सीट बचाई और लगातार तीसरी बार जीत की हैट्रिक लगाई।

वे अपनी सादगी से बसपा सुप्रीमो मायावती के भी बेहद करीब थे। उमाशंकर सिंह के निधन के बाद जिले भर में शोक का वातावरण है। सोशल मीडिया पर शोक संवेदना का तांता लगा हुआ। परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह व राज्यसभा सांसद नीरज शेखर समेत हजारों लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी है।

-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / नीतू तिवारी