home page

बलिया के परिषदीय स्कूलों में बिना अनुमति बाहरी लोगों की एंट्री पर रोक

 | 
बलिया के परिषदीय स्कूलों में बिना अनुमति बाहरी लोगों की एंट्री पर रोक


बलिया, 08 अगस्त (हि.स.)। बलिया जिले के परिषदीय विद्यालयों में अब बिना अनुमति बाहरी लोगों की आवाजाही पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मनीष कुमार सिंह ने इस संबंध में आदेश जारी करते हुए सभी परिषदीय विद्यालयों में बाहरी व्यक्तियों, यू-ट्यूबर और सोशल मीडिया से जुड़े लोगों के अनधिकृत प्रवेश पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगा दिया है।

बीएसए द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि कुछ बाहरी व्यक्ति एवं यू-ट्यूबर आदि अनधिकृत रूप से परिषदीय विद्यालयों में प्रवेश कर विद्यालय और स्टाफ की फोटो एवं वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा कर रहे हैं। इससे विद्यालयों में पठन-पाठन का कार्य प्रभावित होने के साथ शिक्षक पद की गरिमा और विभाग की छवि भी प्रभावित हो रही है।

बीएसए ने स्पष्ट किया है कि विद्यालयों में निरीक्षण के लिए शासन-प्रशासन द्वारा पहले से ही विभागीय एवं अन्य जनपदीय अधिकारियों को नामित किया गया है, जिनके माध्यम से समय-समय पर विद्यालयों का निरीक्षण और अनुश्रवण किया जाता है।

आदेश के मुताबिक जनपद बलिया के सभी परिषदीय विद्यालयों में समस्त बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश पर तत्काल प्रभाव से रोक रहेगी। कोई भी बाहरी व्यक्ति, यू-ट्यूबर अथवा सोशल मीडिया से जुड़ा व्यक्ति अधोहस्ताक्षरी अथवा सक्षम अधिकारी की अनुमति के बिना विद्यालय परिसर में प्रवेश कर फोटो या वीडियोग्राफी नहीं कर सकेगा।

बीएसए ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र के विद्यालयों में इस आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। आदेश की प्रति संबंधित अधिकारियों और सभी परिषदीय विद्यालयों को अनुपालन के लिए भेजी गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / नीतू तिवारी