home page

लिलाधिकारी ने की समीक्षा, एक भी आयुष्मान कार्ड न बनवाने वाली सभी एएनएम को जारी होगा नोटिस

 | 
लिलाधिकारी ने की समीक्षा, एक भी आयुष्मान कार्ड न बनवाने वाली सभी एएनएम को जारी होगा नोटिस


बलिया, 30 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बलिया के जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक गुरुवार को विकास भवन सभागार में आयोजित की गई। बैठक में आयुष्मान कार्ड निर्माण की प्रगति की विकासखंडवार समीक्षा की गई। जिसमें लक्ष्य के मुकाबले बेहद धीमी प्रगति सामने आने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई।

बलिया में आयुष्मान कार्ड बनाने का लक्ष्य 16,08,974 निर्धारित है, जबकि 25 नवंबर 2025 से 15 अप्रैल 2026 तक 83,551 कार्ड ही बनाए जा सके हैं। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित एएनएम और सीएचओ की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने विशेष रूप से उन एएनएम खुशबू, नीतू राय, सावित्री राय और पूनम राय पर कड़ा रुख अपनाया। जिनके द्वारा एक भी आयुष्मान कार्ड नहीं बनाया गया। जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देशित किया कि संबंधित कर्मियों को तत्काल शोकाज नोटिस जारी किया जाए और आगे भी लापरवाही मिलने पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

बैठक में डीएम को यह भी बताया गया कि आयुष्मान कार्ड बनाने में बलिया प्रदेश में छठे स्थान पर है। इसके बावजूद जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों से कार्य में तेजी लाने की अपील की। बैठक के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 10 सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इनमें मनियर की प्रिया सिंह, मुरली छपरा के मो. आसिम, रसड़ा की बबली, शशिकांत तिवारी, रेवती की पूर्णिमा सिंह, बैरिया की ज्योति खरवार, सोहांव के सूरज कांत सिंह, मनियर के सत्येंद्र वर्मा, प्रीति कनौजिया और रेवती के अभिषेक शामिल हैं। जिलाधिकारी ने इन कर्मियों की सराहना करते हुए अन्य कर्मचारियों को उनसे प्रेरणा लेने की सलाह दी और कहा कि आयुष्मान योजना का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। बैठक में सीएमओ आनन्द कुमार, एसीएमओ पदमावती गौतम, आयुष्मान कार्ड के नोडल अधिकारी साकेत बिहारी आदि उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नीतू तिवारी