home page

बालस्वर कप बास्केटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन शनिवार काे, मैदान पर दमखम दिखाएंगे खिलाड़ी

 | 
बालस्वर कप बास्केटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन शनिवार काे, मैदान पर दमखम दिखाएंगे खिलाड़ी


गोरखपुर, 13 नवंबर (हि.स.)। खेल प्रतिभाओं को निखारने, युवाओं में खेल के प्रति रुचि बढ़ाने और स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का बेहतर मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बालस्वर खेल एकेडमी, गोरखपुर की ओर से 14 नवंबर को ‘बालस्वर कप बास्केटबॉल प्रतियोगिता-2026’ का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता गुलरिहा थाना क्षेत्र स्थित नवजीवन मिशन इंटरनेशनल स्कूल परिसर में शाम चार बजे से शुरू होगी।

बालस्वर खेल एकेडमी के निदेशक अशोक गुप्ता ने बताया कि प्रतियोगिता के आयोजन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य बच्चों और युवाओं को खेलों से जोड़ना, उनकी शारीरिक एवं मानसिक क्षमता का विकास करना तथा बास्केटबॉल के क्षेत्र में उभरती प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना है। उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक व्यायाम का माध्यम नहीं है, बल्कि इससे अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, आपसी सहयोग और टीम भावना का भी विकास होता है।

उन्होंने बताया कि बास्केटबॉल जैसे तेज गति और कौशल आधारित खेल में खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा, फुर्ती, एकाग्रता और बेहतर तालमेल दिखाने का अवसर मिलेगा। प्रतियोगिता के माध्यम से खिलाड़ियों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने के साथ ही उन्हें भविष्य में खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

अशोक गुप्ता ने खेल प्रेमियों, अभिभावकों और क्षेत्र के नागरिकों से प्रतियोगिता में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रहेगा और सभी खेल प्रेमी इसमें शामिल होकर खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ा सकते हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय