home page

कोठारी बंधुओं की स्मृति में बजरंग दल ने किया रक्तदान

 | 
कोठारी बंधुओं की स्मृति में बजरंग दल ने किया रक्तदान


बाराबंकी, 04 नवंबर (हि.स.)।

विश्व हिंदू परिषद की युवा इकाई बजरंग दल की ओर से बुधवार को जिला अस्पताल स्थित ब्लड बैंक में रक्तदान एवं रक्त परीक्षण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में संगठन के दर्जनों कार्यकर्ताओं ने रक्तदान कर राम मंदिर आंदोलन में बलिदान देने वाले कोठारी बंधुओं को श्रद्धांजलि अर्पित की।

बजरंग दल जिला संयोजक राहुल विक्रम सिंह के संयोजन में आयोजित शिविर में विभाग संगठन मंत्री अखिल, जिला सह धर्माचार्य संपर्क प्रमुख मोनू दास, जिला सह मंत्री वीरेंद्र कुमार यादव, जिला गौरक्षा प्रमुख पवन पांडेय, देवा प्रखंड सेवा प्रमुख रंजीत कश्यप, निंदूरा प्रखंड सेवा प्रमुख अमित तिवारी और रामनगर प्रखंड सुरक्षा प्रमुख विवेक वर्मा सहित एक दर्जन से अधिक कार्यकर्ताओं ने रक्तदान किया।

विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष रामनाथ मौर्य ने बताया कि बजरंग दल प्रतिवर्ष हुतात्मा दिवस पर कोठारी बंधुओं की स्मृति में रक्तदान शिविर आयोजित करता है। राम कोठारी और शरद कोठारी ने 30 अक्टूबर 1990 को अयोध्या में विवादित ढांचे के गुंबद पर भगवा ध्वज फहराया था। दो नवंबर 1990 को हनुमानगढ़ी के पास पुलिस की गोलीबारी में दोनों भाइयों की मृत्यु हो गई थी। उनके बलिदान को याद करते हुए यह आयोजन किया जाता है।

शिविर में जिला पंचायत अध्यक्ष राजरानी रावत, सीएमएस डॉ. जेपी मौर्य, ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. बीपी सिंह, रक्तदान जिला परामर्शदाता पंकज वर्मा और डॉ. अर्चना वर्मा ने रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।

इस अवसर पर विहिप जिला मंत्री राहुल कुमार, बजरंग दल प्रांत कॉलेज विद्यार्थी संपर्क प्रमुख ब्रह्म प्रकाश दीक्षित, नगर अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद जायसवाल, जिला सह संयोजक तुषार तिवारी, जिला कॉलेज विद्यार्थी संपर्क प्रमुख अखिलेश राजपूत, सौरभ, रामसजीवन, राहुल वाल्मीकि और रोहन सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी