home page

सेवा, सुरक्षा व संस्कार का काम करता है बजरंग दल : विजय प्रताप

 | 
सेवा, सुरक्षा व संस्कार का काम करता है बजरंग दल : विजय प्रताप


लखनऊ, 11 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आयोजित बजरंग दल की दो दिवसीय प्रांतीय बैठक का शुभारंभ शनिवार को विश्व हिन्दू परिषद (विहिप) के प्रान्त संगठन मंत्री विजय प्रताप, क्षेत्र संयोजक पूर्णेन्द्र शाही व प्रांत संयोजक महेश ने बजरंगबली के चित्र पर पुष्प अर्पित कर एवं दीप प्रज्वलित कर किया।

बैठक के उदघाटन सत्र को संबोधित करते हुए विहिप के प्रान्त संगठन मंत्री विजय प्रताप ने कहा कि बजरंग दल समाज में सेवा, सुरक्षा एवं संस्कार के ध्येय के साथ काम करने वाला संगठन है। इसकी ख्याति पूरे विश्व में फैली हुई है। जहां भी हिन्दू समाज किसी खतरे में फंसा होता है, उसकी सहायता के लिए सबसे आगे बजरंग दल ही खड़ा मिलता है। उन्होंने आगे कहा कि अपनी शक्तियों से अनजान हिन्दू समाज को हमें जामवंत की भांति उसकी शक्तियां याद दिलानी होगी और हिन्दू समाज को संगठित करना होगा।

बजरंग दल के क्षेत्र संयोजक पूर्णेन्द्र शाही ने कहा कि इस बैठक में जो भी पदाधिकारी शामिल हैं, वो सभी अपने जिले के प्रतिनिधि के नाते आए हैं। वह केवल बजरंग दल के प्रतिनिधि नहीं है अपितु समस्त हिन्दू समाज का भी प्रतिनिधित्व करने वाले हैं। जिन्हें समाज प्यार से बजरंगी भी कहता है अर्थात हिन्दू समाज में हमारी स्वीकारता है। वो हमें अपना मानता है। क्योंकि हिन्दू समाज कहता है कि यही वो बजरंगी है जो हिन्दू समाज के प्रत्येक सुख में साथ रहे न रहे पर दुख में ये बजरंग दल के बजरंगी हमारे साथ हैं।

विहिप के प्रांत मंत्री देवेंद्र मिश्र ने सभी बजरंग दल के कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक जोश और होश के साथ काम करने को कहा।

बजरंग दल के प्रांत संयोजक महेश ने कहा कि हमें जो अगर कोई हमारा हिन्दू भाई सोया हुआ है उसे जगाना होगा वो हमारा अपना भाई है।

बैठक का संचालन जिला संगठन मंत्री समरेंद्र प्रताप सिंह ने किया।

बैठक में विभाग मंत्री योगेश, विभाग संयोजक विजय निषाद, विभाग सह संयोजक अमरेंद्र सिंह, धीरज सोनकर, शुभम गौर, यादवेंद्र सिंह, अखण्ड सिंह, जितेंद्र राजपूत, सचिन सिंह, सुधाकर शर्मा सरस, शिवजीत गिरी आदि उपस्थित रहे।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन