home page

यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में दिखेगा बागपत का हुनर

 | 
यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में दिखेगा बागपत का हुनर


बागपत, 21 सितंबर (हि.स.)। बागपत की पहचान अब खेत-खलिहान तक सीमित नहीं रही, बल्कि जिले के उत्पाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराने को तैयार हैं। 25 से 29 सितंबर तक ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में आयोजित यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS) में बागपत के होम फर्निशिंग, हस्तशिल्प, गुड़, कृषि उत्पादों के साथ पारंपरिक घेवर और बालूशाही भी वैश्विक मंच पर नजर आएंगे।

इस बार जिले के उत्पाद ओडीओपी, जीआई टैग और एमएसएमई श्रेणियों में प्रदर्शित किए जाएंगे। खास आकर्षण खेकड़ा क्षेत्र का होम फर्निशिंग उत्पाद रहेगा, जिसे जून 2023 में जीआई टैग मिला था। मास्टर वीवर्स के जरिए तैयार बेडशीट, पर्दे और मेजपोश जैसे उत्पाद अंतरराष्ट्रीय खरीदारों को आकर्षित करेंगे।

ट्रेड शो में बागपत के 20 से अधिक निर्यातक, उद्यमी, महिला और युवा कारोबारी हिस्सा ले रहे हैं। हॉल-14 में नए निर्यातकों को स्टॉल आवंटित किए गए हैं, जबकि हॉल-9 में ओडीओपी उत्पादक अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे। वहीं एमएसएमई श्रेणी में भी जिले के कई उद्यमियों को मौका मिला है।

कृषि क्षेत्र से जुड़े उत्पादों को भी इस बार खास स्थान दिया गया है। बागपत ब्लूम के माध्यम से शहद, मिलेट, मसाले और अन्य खाद्य उत्पादों को ब्रांडिंग के साथ प्रस्तुत किया जाएगा, जिससे किसानों को सीधे बाजार से जोड़ने का अवसर मिलेगा। ट्रेड शो में पहली बार ‘एक जिला एक व्यंजन’ (ODOP फूड) पैवेलियन भी बनाया गया है, जहां अमीनगर सराय का प्रसिद्ध घेवर और बागपत की बालूशाही विदेशी मेहमानों को आकर्षित करेगी। सिंगापुर, जापान, रूस सहित कई देशों के खरीदारों की मौजूदगी में यह आयोजन बागपत के उत्पादों को वैश्विक पहचान दिलाने में अहम साबित होगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन त्यागी