home page

महाशिवरात्रि श्री परशुरामेश्वर कांवड़ मेला-2026 की तैयारियाें को लेकर बैठक

 | 
महाशिवरात्रि श्री परशुरामेश्वर कांवड़ मेला-2026 की तैयारियाें को लेकर बैठक


बागपत, 02 जुलाई (हि.स.)। श्रावण मास की महाशिवरात्रि के अवसर पर आयोजित होने वाले ऐतिहासिक श्री परशुरामेश्वर कांवड़ मेला-2026 की तैयारियों को जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी अस्मिता लाल और पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय ने कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों व मेला समिति के साथ यह बैठक की। मेला 8 से 11 अगस्त तक आयोजित होगा, जिसमें बड़ी संख्या में कांवड़िये हरिद्वार समेत विभिन्न स्थानों से गंगाजल लेकर पहुंचेंगे।

जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट सभागार में गुरुवार को हुई बैठक में निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए सड़क, स्वच्छता, पेयजल, चिकित्सा, प्रकाश और सुरक्षा की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। मेला क्षेत्र को ‘जीरो वेस्ट’ मॉडल पर विकसित करने, प्लास्टिक पर पूर्ण प्रतिबंध, दुकानों पर रेट लिस्ट अनिवार्य करने तथा खाद्य पदार्थों की नियमित जांच के निर्देश भी दिए गए। विद्युत सुरक्षा के तहत ट्रांसफार्मरों की बैरिकेडिंग, पोलों की रैपिंग तथा मोबाइल ट्रांसफार्मर की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। कांवड़ मार्ग पर झाड़ियों की कटाई, हैंडपंपों की जांच और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था 20 जुलाई तक पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। स्वास्थ्य विभाग को अस्थायी अस्पताल, एंबुलेंस व निजी अस्पतालों की सूची उपलब्ध कराने को कहा गया, जबकि सूचना विभाग कांवड़ यात्रा ऐप विकसित करेगा।

मेला परिसर में सीसीटीवी, अग्निशमन उपकरण, मोबाइल टॉयलेट, पेयजल टैंक और नि:शुल्क ई-रिक्शा सेवा उपलब्ध रहेगी। पुलिस अधीक्षक ने डीजे संचालकों को निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए टीमवर्क से सफल आयोजन का आह्वान किया। बैठक में पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय ने सुरक्षा की दृष्टि से मेला परिसर को चाक चौबंद करने के लिए तैयारी शुरू कर दी हैं। सीसीटीवी कैमरे और ड्रोन से पूरे मेले की निगरानी होगी। बैठक में जनपद के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन त्यागी