home page

आकाशीय बिजली गिरने से किसान का मकान धराशायी

 | 
आकाशीय बिजली गिरने से किसान का मकान धराशायी


बागपत, 10 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में गांगनौली गांव में शुक्रवार तड़के करीब 3 बजे तेज बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से एक किसान का मकान भरभराकर गिर गया। हादसे में मकान की पूरी छत धराशायी हो गई, जबकि छत पर बनी रसोई भी मलबे में तब्दील हो गई। गनीमत रही कि घटना के समय परिवार का कोई सदस्य कमरे के अंदर नहीं सो रहा था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के अनुसार, मकान दो भाइयों का है। बड़े भाई राजीव राठी बड़ौत में एक बाइक एजेंसी पर कार्यरत हैं और अधिकतर समय वहीं रहते हैं, जबकि छोटे भाई रामकुमार गांव में रहकर खेती-बाड़ी करते हैं। रामकुमार ने बताया कि तेज बारिश के चलते परिवार के सभी सदस्य बरामदे में सो रहे थे।

तड़के अचानक तेज चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरी और जोरदार धमाका हुआ। इसके तुरंत बाद मकान की छत भरभराकर नीचे गिर गई। सूचना मिलते ही राजीव राठी अपने बेटों के साथ मौके पर पहुंचे। हालांकि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से आर्थिक सहायता की मांग की।

एसडीएम भावना सिंह का कहना है मोके पर लेखपाल को भेजा गया है। रिपार्ट के आधार आगे की कारवाई की जाएगी, प्राकृतिक आपदा राहत कोष से जो संभव होगा परिवार को मदद मिलेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन त्यागी