home page

बड़ा मंगल पर आस्था के साथ स्वच्छता का शंखनाद, लखनऊ की सड़कों पर उतरे मंगल दूत

 | 
बड़ा मंगल पर आस्था के साथ स्वच्छता का शंखनाद, लखनऊ की सड़कों पर उतरे मंगल दूत


लखनऊ, 05 मई (हि.स.)।

लखनऊ की ऐतिहासिक परंपरा 'बड़ा मंगल' के प्रथम अवसर पर आज राजधानी की सड़कों पर भक्ति और सामाजिक जिम्मेदारी का अनूठा संगम देखने को मिला। 'मंगलमान अभियान' के अंतर्गत शहर के 5 चिह्नित स्थानों पर सायं 5:00 बजे से सघन स्वच्छता अभियान चलाया गया, जिसका उद्देश्य भंडारों के दौरान होने वाली गंदगी को रोकना और श्रद्धालुओं में नागरिक बोध जागृत करना रहा।

: सेवा और संस्कार का समन्वयराजधानी के हृदय स्थल हजरतगंज में गोपाल आर्य के मार्गदर्शन में GPO से साहू चौराहे तक विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान स्वयंसेवकों ने भंडारा स्थलों पर जाकर श्रद्धालुओं से पत्तल-दोने इधर-उधर न फेंकने की अपील की। अभियान में संयोजक डॉ. रामकुमार तिवारी, प्रशांत भाटिया, नानक चंद्र लखमानी, अनीता अग्रवाल, संदीप भारद्वाज, शिव शंकर, शुभम, संजय, निधि अग्रवाल, सुरेश छबलानी और उज्ज्वल पाण्डेय सहित एनसीसी के विद्यार्थियों ने सक्रिय सहभागिता की। टीम ने न केवल सफाई की, बल्कि ध्वनि प्रदूषण को कम करने हेतु 'कम वॉल्यूम' में साउंड बजाने का भी आग्रह किया।

राम-राम बैंक चौराहा: युवाओं का जोशउत्तरी लखनऊ के राम-राम बैंक चौराहे पर संजय शुक्ला, हनुमत सिंह, प्रदीप तिवारी, इंद्रेश शुक्ला और सुधीर , विजय के नेतृत्व में स्वयंसेवकों ने मोर्चा संभाला। यहाँ एनसीसी कैडेट्स और नगर निगम के कर्मचारियों के साथ मिलकर सड़कों को कचरा मुक्त रखने हेतु जन-संवाद किया गया।

पूर्व महापौर और मंगलमान अभियान की संरक्षिका संयुक्ता भाटिया ने बताया कि आज ज्येष्ठ माह के प्रथम बड़े मंगल को स्वच्छ, सुव्यावस्थित और हरित मंगल बनाने का जो प्रयास प्रारम्भ किया था उसने भंडारा संचालको और स्वयंसेवको का सहयोग प्राप्त हुआ. कुछ मॉडल भंडारा स्थल बनाकर स्वच्छता और सुव्यवस्था हेतु तत्काल प्रयास किया गया जिससे आगामी बड़े मंगल को अन्य भंडारा संचालको को प्रेरणा प्राप्त हो सके. आगे और भी प्रयास कर आदर्श भंडारे आयोजित करने का प्रयास किया जायेगा.

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन