home page

बाबा साहेब के विचार समरस और सशक्त भारत की प्रेरणा : शिवराम सिंह

 | 
बाबा साहेब के विचार समरस और सशक्त भारत की प्रेरणा : शिवराम सिंह


कानपुर, 14 अप्रैल (हि.स.)। बाबा साहेब का संपूर्ण जीवन सामाजिक समता, न्याय और अधिकारों की स्थापना के लिए समर्पित रहा। उनके विचार आज भी हमें एक समरस और सशक्त भारत के निर्माण की दिशा में प्रेरित करते हैं। यह बातें मंगलवार को भाजपा जिला अध्यक्ष शिवराम सिंह ने कही।

जनपद के दक्षिण में भारतीय जनता पार्टी द्वारा संविधान शिल्पी डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जन्म जयंती के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रमों के माध्यम से बाबा साहेब को श्रद्धा एवं सम्मान के साथ नमन किया गया तथा उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया गया।

इसी क्रम में छावनी मंडल के बूथ संख्या चार पर आयोजित कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष शिवराम सिंह ने बाबा साहेब की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर उपस्थित कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों ने भारतीय संविधान की गरिमा और उसके मूल्यों की रक्षा करने की शपथ ली।

जिला मीडिया प्रभारी संजीव बेरी ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान संगोष्ठी का भी आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने बाबा साहेब के प्रेरणादायी जीवन, उनके संघर्षपूर्ण सफर तथा समाज के वंचित वर्गों के उत्थान के लिए की उनके द्वारा गए उनके योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला।

उन्होंने उपस्थित जनसमूह से आह्वान किया कि सभी लोग बाबा साहेब के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाएं और समाज में समानता, भाईचारा एवं न्याय की भावना को मजबूत करें। साथ ही संविधान के प्रति अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करने का संकल्प लें।

इस दौरान सुमित तिवारी, रज्जन सिंह परिहार, विक्रम पंडित, रणजीत यादव, गिरजेश सिंह डीटू, नितिन सोनकर, अभिषेक अवस्थी, राजू अपना सहित अनेक कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप