home page

हाथरस : बाबा खाटू श्याम के दरबार में रहेगी कार्यक्रमों की धूम

 | 
हाथरस : बाबा खाटू श्याम के दरबार में रहेगी कार्यक्रमों की धूम


बिजलीघर रोड स्थित खाटू श्याम मंदिर पर 6 से 8 मई तक मनाया जाएगा पांचवा वार्षिकोत्सव

हाथरस, 15 अप्रैल (हि.स.)। सादाबाद कस्बे में श्री गोवर्धन धाम खाटू श्याम मंदिर का पंचम वार्षिकोत्सव 6 से 8 मई तक श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। मंदिर व्यवस्थापक मंडल ने बताया कि इस अवसर पर पंचम श्री श्याम संकीर्तन महोत्सव के अंतर्गत तीन दिवसीय धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जाएगी, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

मंदिर के व्यवस्थापक रजत अग्रवाल उर्फ खोनू ने बुधवार काे जानकारी देते हुए बताया कि महोत्सव की शुरुआत 5 मई को शाम 5 बजे 'श्याम नाम की मेहंदी' कार्यक्रम से होगी। इसके बाद शाम 5:15 बजे से अन्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें श्याम भक्त बाबा के भजनों और संकीर्तन का आनंद लेंगे। मंदिर प्रांगण को विशेष रूप से रंग-बिरंगी रोशनी, फूलों और आकर्षक सजावट से सजाया जाएगा। 6 मई को सुबह 8 बजे श्री महाराज अग्रसेन सेवा सदन से 6100 निशानों के साथ विशाल निशान यात्रा निकाली जाएगी। यह यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए मंदिर प्रांगण पहुंचेगी, जहां बाबा श्याम के जयकारों और भजन-कीर्तन के साथ इसका समापन होगा। यात्रा में बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और युवा श्रद्धालु शामिल होंगे। इसी दिन मंदिर प्रबंधन की ओर से द्वितीय सामूहिक विवाह समारोह का भी आयोजन किया जाएगा।

इस सामाजिक कार्यक्रम में दो निर्धन कन्याओं का विवाह पूरे विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न कराया जाएगा। मंदिर समिति द्वारा कन्याओं को गृहस्थी का आवश्यक सामान भी भेंट किया जाएगा। 7 मई को शाम 6:15 बजे बड़ी मां के सानिध्य में विशाल भजन संध्या का आयोजन होगा, जो महोत्सव का मुख्य आकर्षण रहेगी। इसमें समस्तीपुर (बिहार) की प्रख्यात भजन गायिका रश्मि शर्मा और कानपुर के प्रसिद्ध भजन गायक श्रेष्ठ दीक्षित सहित अन्य कलाकार बाबा श्याम के भजनों की प्रस्तुति देंगे। देर रात तक चलने वाली इस भजन संध्या में भक्तों के लिए प्रसाद वितरण की भी व्यवस्था रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना