home page

आयुष्मान योजना में अस्पतालों की संख्या के साथ इलाज की गुणवत्ता भी बढ़ाएगी सरकार

 | 
आयुष्मान योजना में अस्पतालों की संख्या के साथ इलाज की गुणवत्ता भी बढ़ाएगी सरकार


लखनऊ, 19 नवंबर (हि.स.)। सरकार आयुष्मान योजना को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए प्रदेश भर में ‘आयुष्मान गुणवत्ता यात्रा’ अभियान शुरू करने जा रही है। इसी सोच के तहत प्रस्तावित ‘आयुष्मान गुणवत्ता यात्रा’ के माध्यम से अस्पतालों को गुणवत्ता आधारित स्वास्थ्य सेवाओं के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। इससे आयुष्मान योजना के लाभार्थियों को बेहतर चिकित्सा सुविधाओं वाले अस्पतालों में उपचार कराने के अधिक विकल्प मिल सकेंगे।

स्टेट एजेंसी फॉर कॉम्प्रिहेंसिव हेल्थ एंड इंटीग्रेटेड सर्विसेज (साचीज) की सीईओ अर्चना वर्मा ने बताया कि योगी सरकार प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण बनाने की दिशा में लगातार काम कर रही है। इसी के तहत प्रदेश में ‘आयुष्मान गुणवत्ता यात्रा’ नाम से विशेष अभियान शुरू करने की पहल की गई है।

उन्होंने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य प्रदेश में पहले से नेशनल एक्रेडिटेशन बोर्ड फॉर हॉस्पिटल्स एंड हेल्थकेयर प्रोवाइडर्स (एनएबीएच) से मान्यता प्राप्त अस्पतालों को आयुष्मान भारत योजना के तहत सूचीबद्ध करना है। प्रदेश में ऐसे कई अस्पताल मौजूद हैं, जिन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप अपनी चिकित्सा सेवाओं को विकसित किया है, लेकिन वे अभी तक आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत सूचीबद्ध नहीं हैं। ऐसे अस्पतालों की पहचान कर उन्हें योजना में एम्पैनलमेंट के लिए आमंत्रित और प्रोत्साहित किया जाएगा। इसके लिए अस्पताल प्रबंधन को योजना से जुड़ने की प्रक्रिया और उससे संबंधित आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने की पहल की जाएगी। इससे एक ओर आयुष्मान लाभार्थियों को बेहतर सुविधाओं वाले अस्पतालों में उपचार का अवसर मिलेगा, वहीं दूसरी ओर योजना के अंतर्गत गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं प्रदान करने वाले संस्थानों का दायरा भी बढ़ेगा।

स्वास्थ्य के क्षेत्र में सुधार की आवश्यकता वाले क्षेत्रों की हाेगी पहचान

सीईओ ने बताया कि ‘आयुष्मान गुणवत्ता यात्रा’ का उद्देश्य केवल नए अस्पतालों को योजना से जोड़ना नहीं है, बल्कि पहले से आयुष्मान योजना में सूचीबद्ध अस्पतालों की गुणवत्ता में भी सुधार लाना है। इसके तहत मौजूदा अस्पतालों को एनएबीएच मान्यता प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। अस्पतालों को राष्ट्रीय स्तर पर निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप अपनी चिकित्सा सुविधाओं, मरीजों की सुरक्षा और उपचार व्यवस्था को विकसित करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। इसके लिए अस्पतालों को गुणवत्ता मानकों की जानकारी देने, सुधार की आवश्यकता वाले क्षेत्रों की पहचान करने और एनएबीएच प्रमाणन प्राप्त करने की प्रक्रिया समझाने पर विशेष जोर रहेगा।

अस्पतालों की संख्या के साथ गुणवत्ता बढ़ाने पर जोर

अभियान के तहत अस्पतालों, चिकित्सा विशेषज्ञों और संबंधित संस्थाओं के साथ संवाद एवं जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इन गतिविधियों के माध्यम से अस्पतालों को गुणवत्ता आधारित स्वास्थ्य सेवाओं के महत्व और राष्ट्रीय मानकों को अपनाने के लाभों के बारे में जागरूक किया जाएगा। इस दौरान यह समझाने पर भी जोर रहेगा कि गुणवत्ता प्रमाणन केवल एक औपचारिक प्रक्रिया नहीं है, बल्कि यह मरीजों की सुरक्षा, बेहतर उपचार व्यवस्था और अस्पतालों की कार्यप्रणाली में सुधार का महत्वपूर्ण माध्यम है।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन