प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना से अयोध्या जनपद में 2,27,226 लाभार्थी हुए लाभान्वित
-उज्ज्वला योजना ने ग्रामीण महिलाओं के जीवन में लाया बड़ा बदलाव
-धुएं से मुक्ति और स्वच्छ ईंधन की ओर बढ़ता जनपद
अयोध्या, 20 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महत्वाकांक्षी उज्ज्वला योजना से अयोध्या जनपद के लाखों परिवारों को सीधा लाभ मिला है। अप्रैल 2017 से मार्च 2026 तक जनपद में कुल 2,27,226 लाभार्थी परिवार इस योजना से लाभान्वित हुए हैं। यह योजना मुख्य रूप से ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को लक्षित करके चलाई गई है, जिसने उनके जीवन में बड़ा बदलाव लाया है।
इस योजना के तहत गरीब परिवारों की महिलाओं को निःशुल्क एलपीजी गैस कनेक्शन प्रदान किए गए। इससे पहले जहां रसोई में लकड़ी, गोबर और कोयले जैसे पारंपरिक ईंधन का इस्तेमाल होता था, जिससे महिलाएं और बच्चे धुएं के कारण विभिन्न श्वास संबंधी बीमारियों का शिकार होते थे, वहीं अब स्वच्छ ईंधन की उपलब्धता ने उनकी सेहत को नई राह दी है। धुएं से मुक्ति मिलने के साथ-साथ महिलाओं का समय भी बच रहा है, जो अब परिवार की देखभाल, बच्चों की पढ़ाई और अन्य कामों में लगाया जा रहा है। रसोई में गैस कनेक्शन से न केवल स्वास्थ्य सुधरा है, बल्कि सुविधा भी बढ़ी है। खाना बनाना तेज और आसान हो गया है।
लगभग 13 करोड़ कुंतल राशन वितरित
जनपद में राशन कार्ड योजना भी मजबूती से चल रही है। अप्रैल 2017 से मार्च 2020 तक 18,30,535 लाभार्थी राशन कार्ड धारक हैं, जबकि अप्रैल 2017 से मार्च 2026 तक निःशुल्क राशन वितरण के तहत 12,92,88,887 कुन्तल राशन वितरित किया गया। इन योजनाओं ने गरीब परिवारों को पोषण और ऊर्जा सुरक्षा दोनों प्रदान की है।
लकड़ी कटान कम होने से जंगलों का दबाव घटा
अयोध्या के ग्रामीण इलाकों में इस योजना का व्यापक प्रभाव दिखाई दे रहा है। महिलाएं अब धुएं भरी रसोई से बाहर निकलकर स्वस्थ और सशक्त जीवन जी रही हैं। योजना ने पर्यावरण संरक्षण में भी योगदान दिया है, क्योंकि लकड़ी कटाई कम होने से जंगलों पर दबाव घटा है। अयोध्या जैसे पवित्र स्थल पर स्वच्छ ऊर्जा की ओर बढ़ता यह कदम राम मंदिर नगरी की छवि को और निखार रहा हैं,मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कुशल नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार ने केंद्र की इस जनकल्याणकारी योजना को प्रभावी ढंग से क्रियान्वित किया।
महिलाएं हुई सशक्त, परिवार स्वस्थ
जिला पूर्ति अधिकारी बृजेश मिश्रा ने बताया कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना ने महिलाओं को सशक्त बनाया और परिवारों के स्वास्थ्य स्तर को ऊंचा उठाया। अयोध्या जनपद में लाखों परिवारों को मिला यह लाभ सरकार की लोककल्याणकारी नीतियों का जीता-जागता प्रमाण है। केंद्र और राज्य सरकार के संयुक्त प्रयासों से आमजन को सीधा लाभ पहुंच रहा है, जिससे विकास की गति तेज हुई है। भविष्य में भी ऐसी योजनाएं गरीबों के जीवन को और बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय

