सांसद अवधेश प्रसाद के जन्मोत्सव पर सपा कार्यकर्ताओं का शक्ति प्रदर्शन, 2027 में सरकार बनाने का लिया संकल्प
अयोध्या, 01 अगस्त (हि.स.)। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं फैजाबाद (अयोध्या) के सांसद अवधेश प्रसाद के जन्मोत्सव पर शनिवार को मिल्कीपुर विधानसभा क्षेत्र के पांच नंबर चौराहे पर आयोजित कार्यक्रम में पार्टी कार्यकर्ताओं ने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने का सामूहिक संकल्प लिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान सांसद अवधेश प्रसाद का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया तथा केक काटकर और मिठाइयां वितरित कर जन्मोत्सव मनाया गया। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने उनके दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की कामना की।
सभा को संबोधित करते हुए सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा कि समाजवादी पार्टी गरीबों, किसानों, नौजवानों, महिलाओं, पिछड़ों, दलितों और अल्पसंख्यकों के हितों की लड़ाई लगातार लड़ती रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश की जनता वर्तमान सरकार की नीतियों से असंतुष्ट है और बदलाव का मन बना चुकी है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 का विधानसभा चुनाव जनता के अधिकारों, संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा का चुनाव होगा।
सांसद ने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने तथा समाजवादी पार्टी की नीतियों और राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के विजन को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के समर्थन से वर्ष 2027 में प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने सांसद अवधेश प्रसाद के राजनीतिक संघर्ष, सामाजिक न्याय के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और जनसेवा की सराहना करते हुए उन्हें जन्मोत्सव की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान समाजवादी पार्टी के समर्थन में नारेबाजी भी की गई।
समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता लवलेश पांडे ने बताया कि कार्यक्रम को पूर्व विधानसभा प्रत्याशी अजीत प्रसाद, विधानसभा अध्यक्ष पृथ्वीराज यादव, जिला उपाध्यक्ष रामजी पाल, महेश शर्मा, डॉ. इंदु कुमार पाठक, डॉ. माखनलाल यादव, रामतेज यादव, रामकरन यादव एवं सरोज यादव सहित दो दर्जन से अधिक नेताओं ने संबोधित किया।
इस अवसर पर विकास सिंह 'छोटू', गुलाब सिंह यादव, रामजीत, आजाद सिंह चौहान, सुनील कुमार कोरी, अवधेश यादव, अरविंद वर्मा, शेषनाथ यादव, लालचंद यादव, प्रहलाद रावत सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय

