मोदहा चौराहा-मऊशिवाला मार्ग के चौड़ीकरण को मिली मंजूरी
-30.61 करोड़ खर्च होंगे, 3.06 करोड़ रुपये का किया आवंटन
अयोध्या, 21 नवंबर (हि.स.)। अयोध्या में मोदहा चौराहा-मऊशिवाला मार्ग के चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण को मंजूरी मिल गई है। 2.805 किलोमीटर लंबे इस मार्ग पर कुल 30.61 करोड़ रुपये खर्च होंगे। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता शशि भूषण सिंह ने बताया कि इस परियोजना के लिए हरी झंडी मिल गई है। चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 में 3.06 करोड़ रुपये का आवंटन भी कर दिया गया है।
प्रदेश शासन लोक निर्माण विभाग की ओर से जारी पत्र के अनुसार वित्त समिति द्वारा अनुमोदित लागत 30.61 करोड़ रुपये है, जिसमें पांच वर्षीय अनुरक्षण भी शामिल है। यह मार्ग अयोध्या के महत्वपूर्ण कनेक्टिविटी मार्गों में से एक है। इसके चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण से स्थानीय लोगों के आवागमन में काफी सुविधा होगी। निर्माण के बाद पांच वर्षों तक मार्ग का नियमित रखरखाव भी सुनिश्चित किया जाएगा, जिससे सड़क लंबे समय तक अच्छी स्थिति में बनी रहेगी।
तकनीकी स्वीकृति के बाद प्रारंभ होगा कार्य
लोक निर्माण विभाग को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि तकनीकी स्वीकृति प्राप्त होने के बाद ही कार्य प्रारंभ किया जाए। साथ ही भूमि अधिग्रहण एवं यूटिलिटी शिफ्टिंग का कार्य पूर्ण करने के बाद ही निर्माण कार्य शुरू किया जाए।
पर्यटन और व्यापार को मिलेगा बढ़ावा
राम मंदिर प्राण-प्रतिष्ठा के बाद अयोध्या में पर्यटन और आवागमन बढ़ने के साथ ही सड़क अवसंरचना को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। मोदहा चौराहा-मऊशिवाला मार्ग के विकास से न केवल स्थानीय निवासियों को लाभ मिलेगा, बल्कि क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।
जाम से निजात व बड़े वाहनों का आवागमन होगा आसान
लोक निर्माण विभाग के प्रांतीय खंड सहायक अभियंता शशांक पाण्डेय ने बताया कि मार्ग चौड़ा होने से जाम की समस्या से निजात मिलेगी और बड़े वाहनों का आवागमन आसान होगा। आसपास के गांवों के किसानों, व्यापारियों और स्कूली बच्चों को भी इसका सीधा लाभ मिलेगा। स्थानीय लोगों ने इस फैसले का स्वागत किया है। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि लोक निर्माण विभाग द्वारा शीघ्र कार्य आरंभ करने की तैयारी शुरू कर दी गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय

