श्रीराम जन्मभूमि के अन्य मंदिरों पर भी ध्वजारोहण की तैयारी शुरू
अयोध्या, 21 मार्च (हि.स.)। श्रीराम जन्मभूमि में राम लला के मुख्य शिखर और माता अन्नपूर्णा मंदिर पर ध्वजारोहण के बाद अब शेष 06 उप मंदिरों पर भी ध्वजारोहण की तैयारी शुरू कर दी गई है I शनिवार को यह जानकारी श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने बैठक के बाद मीडिया से साझा की। जिन मंदिरों पर ध्वजारोहण होना है, उनमें भगवान सूर्य, माता भगवती, शिवलिंग, गणपति, शेषावतार और हनुमान जी के मंदिर शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि हनुमान जी के मंदिर के शिखर पर ध्वजारोहण हनुमान जयंती (2 अप्रैल) को किया जाएगा। अन्य 05 उप मंदिरों पर ध्वजारोहण 22, 23, 24, 25, 29, 30 और 31 मार्च के बीच 08 दिनों में पूरा किया जाएगा।
ट्रस्ट ने स्पष्ट किया कि कार्यक्रम में भीड़ नहीं जुटाई जाएगी, सीमित लोगों की मौजूदगी में आयोजन होगा।
हर ध्वजारोहण में करीब 50 संत, 50 गृहस्थ और इंजीनियर व श्रमिक लगभग 200 लोग शामिल रहेंगे। मुख्य शिखर पर ध्वजारोहण पहले 25 नवंबर 2025 को हुआ था, जिसे बाद में हिंदी नववर्ष पर बदला गया।
माता अन्नपूर्णा मंदिर पर ध्वजारोहण 31 दिसंबर 2025 को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह द्वारा किया गया था।
उन्होंने रामनवमी को लेकर श्रद्धालुओं से अपील करते हुए कहा कि सफेद गमछा जरूर रखें (धूप से बचाव के लिए), सत्तू साथ रखें और उन्होंने कहा कि आलू से बनी चीजें, खासकर समोसे से परहेज करें ।
हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय

