home page

राममंदिर से कृष्ण जन्माष्टमी के लिए मंगल सामग्री भेजी

 | 
राममंदिर से कृष्ण जन्माष्टमी के लिए मंगल सामग्री भेजी


अयोध्या, 02 सितंबर (हि.स.)। मन्दिर से मन्दिर जोड़ने के क्रम में एक अभिनव अभियान बुधवार को श्री राम जन्मभूमि मंदिर अयोध्या से प्रारम्भ किया गया है। पहली बार श्रीराम जन्मभूमि मन्दिर से पूजित पुष्प, वस्त्र, मेवा मिष्ठान, श्रृंगार सामग्री, मोरपंखी, बांसुरी आदि श्री कृष्ण जन्माष्टमी के लिए अयोध्या से मथुरा भेजी गई है। इसी तरह काशी से भी मंगल उपहार योजना के अंतर्गत ऐसी ही सामग्री जन्माष्टमी के लिए मथुरा भेजी गई है।

कार्यक्रम के योजनाकर्ता विश्व हिन्दू परिषद (विहिप) के केन्द्रीय मंत्री राजेन्द्र सिंह पंकज ने बुधवार को बताया कि 25 कार्यकर्ताओं के साथ दो वाहनों में मंगल सामग्री लेकर धनंजय पाठक के नेतृत्व में यह दल आज अयोध्या से मथुरा के लिए प्रस्थान कर गया है। विहिप के उपाध्यक्ष चम्पतराय और उन्होंने स्वयं (राजेंद्र सिंह पंकज) ने दल को आशीर्वचन देकर रवाना किया है।

पदाधिकारियों ने बताया कि मन्दिर से मन्दिर और उपासना पद्धतियों को परस्पर जोड़ने का कार्य भी निरन्तर चलेगा। अन्य पूजा पद्धतियों के कार्यक्रमों में भी इसी तरह मंगल सामग्री भेजी जाएगी।

----------------

हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय