home page

अयोध्या में 2232 दुर्गा प्रतिमाएं स्थापित, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

 | 
अयोध्या में 2232 दुर्गा प्रतिमाएं स्थापित, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम


- ड्रोन से हो रही है निगरानी, संवेदनशील स्थलों पर पुलिस की पैनी नजर

अयोध्या, 18 अक्टूबर (हि.स.)। शारदीय नवरात्र और दुर्गा पूजा के मद्देनजर जिले में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पूरे जनपद में करीब 2232 दुर्गा प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। सभी प्रतिमा स्थलों का पुलिस अधिकारियों द्वारा निरीक्षण किया गया है। रामलीला, भरत मिलाप और रावण दहन सहित अन्य धार्मिक आयोजनों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस और प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं।

रविवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर ने बताया कि सभी आयोजनों को सकुशल और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए पुलिस लगातार सक्रिय है। अधिकारियों द्वारा प्रतिदिन पैदल गश्त की जा रही है और ड्रोन के माध्यम से भी विभिन्न क्षेत्रों की निगरानी की जा रही है। जहां मेला आयोजित हो रहा है, वहां यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यकतानुसार रूट डायवर्जन लागू किया गया है।

उन्होंने बताया कि सभी आयोजन समितियों को निर्देश दिए गए हैं कि दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा का ध्यान रखा जाए और वाहनों की पार्किंग के लिए उचित व्यवस्था की जाए। अग्निशमन विभाग की टीम भी आयोजन स्थलों पर सुरक्षा इंतजामों की निगरानी कर रही है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए अग्निशमन विभाग समेत संबंधित एजेंसियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। एसएसपी ने बताया कि पुलिस कंट्रोल रूम के माध्यम से थाना प्रभारियों और संबंधित अधिकारियों को लगातार दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं। आयोजकों के साथ समन्वय स्थापित कर व्यवस्थाओं का सत्यापन भी किया जा रहा है, ताकि आयोजन के दौरान किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो।उन्होंने कहा कि प्रतिमा विसर्जन स्थलों और विसर्जन मार्गों पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। धार्मिक आयोजनों के दौरान शांति, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल मुस्तैद है। पुलिस प्रशासन और आयोजन समितियों के आपसी सहयोग से सभी कार्यक्रमों को निर्धारित समय और तिथि के अनुसार शांतिपूर्ण एवं हर्षोल्लास के साथ संपन्न कराया जाएगा।

जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने किया निरीक्षणत्यौहारों के दृष्टिगत जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ गौरव ग्रोवर ने द्वारा नगर क्षेत्र में पैदल मार्च कर दुर्गा पूजा पंडालों तथा विसर्जन मार्गों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था व अन्य प्रबंधों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय