home page

त्वरित आर्थिक विकास योजना अयोध्या के ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को मिली नई गति

 | 
त्वरित आर्थिक विकास योजना अयोध्या के ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को मिली नई गति


-मुख्यमंत्री योगी के नेतृत्व में विकास योजनाओं को गति

अयोध्या, 10 अप्रैल (हि.स.)। जनपद में ग्रामीण क्षेत्रों के तेज विकास को नई गति मिली है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में चल रही त्वरित आर्थिक विकास योजना को प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। राज्यपाल द्वारा इस योजना के अंतर्गत कुल 22.33 करोड़ रुपये की लागत पर स्वीकृति दी गई है। इसमें प्रथम किश्त के रूप में 10.71 करोड़ रुपये की धनराशि जारी की गई है।

इस योजना के तहत जनपद के विभिन्न गांवों में कुल 51 कार्य किए जाएंगे। इनमें मुख्य रूप से ग्रामीण सड़कों का निर्माण, संपर्क मार्गों का विस्तार और सामुदायिक केंद्रों का निर्माण शामिल है। ग्रामीण अभियंत्रण विभाग (आरईडी) इस योजना का कार्यदाई संस्था है। विकास खंड मसौधा के ग्रामसभा शिवदासपुर में मितराम के घर से चारागाह तक 700 मीटर लंबी सड़क निर्माण के लिए 27 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।विकास खंड अमानीगंज के अंतर्गत ग्रामसभा बरौली में पूरे छतरपाल से बरौली तक 800 मीटर सड़क निर्माण के लिए 21 लाख रुपये, ग्राम पंचायत रामपुर सर्धा में सार्वजनिक स्थल पर सामुदायिक केंद्र निर्माण के लिए 30 लाख रुपये तथा ग्राम पंचायत अरती में भी सामुदायिक केंद्र के निर्माण के लिए 30 लाख रुपये की धनराशि अवमुक्त की गई है।

इसी प्रकार ग्रामसभा मड़ना में सेवरा चौरा पक्की सड़क से बलुईया मांझा तक 1500 मीटर नवीन सड़क निर्माण के लिए 47 लाख रुपये, रायबरेली रोड से सुल्तानपुर रोड तक 1400 मीटर सड़क निर्माण के लिए 48 लाख रुपये तथा दशरथकुण्ड वार्ड में पंचकोसी मार्ग दशरथकुण्ड से निरंकारपुर होते हुए मक्खापुर तक 1000 मीटर सड़क निर्माण के लिए 29 लाख रुपये स्वीकृत हुए हैं।

ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत संरचना को मिलेगी मजबूती

इस योजना के माध्यम से अयोध्या के ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत संरचना को मजबूत किया जाएगा। सड़कें, संपर्क मार्ग और सामुदायिक केंद्रों के निर्माण से स्थानीय निवासियों को बेहतर यातायात सुविधा, सामाजिक गतिविधियों के लिए स्थान और समग्र विकास का लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री योगी के विजन के अनुरूप ग्रामीण क्षेत्रों को मुख्यधारा से जोड़ने और आर्थिक विकास को बढ़ावा देने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है।

स्थानीय लोगों के जीवन स्तर में आएगा सुधार

डीएम निखिल टीकाराम फुण्डे ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी के विजन के अनुरूप ग्रामीण क्षेत्रों को मुख्यधारा से जोड़ने और आर्थिक विकास को बढ़ावा देने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है। इन कार्यों से ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होगी तथा स्थानीय लोगों के जीवन स्तर में सुधार आएगा। साथ ही, अयोध्या को एक विकसित और समृद्ध पर्यटन नगरी के रूप में स्थापित करने में भी यह योजना सहायक सिद्ध होगी।

हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय