home page

अयोध्या नगर निगम 296 लाख की लागत से मलिन बस्ती की बदलेगा सूरत

 | 

-स्मार्ट सिटी योजना के तहत नया पुरवा का होगा कायाकल्प

-मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा अनुसार गरीब बस्तियों को मिलेगी आधुनिक सुविधाएं

अयोध्या, 27 मई (हि.स.)। अयोध्या नगर निगम क्षेत्र में स्मार्ट सिटी मिशन के अंतर्गत चिन्हित मलिन बस्ती नया पुरवा (पाटेश्वरी नगर वार्ड) के व्यापक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप गरीब बस्तियों को आधुनिक सुविधाओं से जोड़ने के लिए 296.72 लाख रुपये की लागत से एकीकृत विकास कार्य कराए जाएंगे। इस परियोजना से मोहल्ले की तस्वीर पूरी तरह बदलने वाली है।

इस योजना के तहत पाटेश्वरी नगर वार्ड में जी प्लस वन मंजिला आधुनिक कम्युनिटी हॉल का निर्माण किया जाएगा। हॉल का क्षेत्रफल 150 वर्गमीटर होगा और इसमें लगभग 160 व्यक्ति एक साथ बैठ सकेंगे। यह हॉल स्थानीय निवासियों के लिए सामाजिक, सांस्कृतिक और सामुदायिक कार्यक्रमों का केंद्र बनेगा। शादी-ब्याह, धार्मिक अनुष्ठान, बैठकें और प्रशिक्षण कार्यक्रमों के लिए यह सुविधा काफी उपयोगी साबित होगी। इसके अलावा मोहल्ले में 418 मीटर सीसी रोड और ड्रेन का निर्माण किया जाएगा। वर्षों से गंदी गलियों और जलभराव की समस्या से जूझ रहे इस क्षेत्र में पक्की सड़कें और बेहतर ड्रेनेज सिस्टम बनने से स्वच्छता और यातायात की सुविधा में उल्लेखनीय सुधार होगा। पूरे मोहल्ले में उच्च गुणवत्ता वाली स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी, जिससे रात में भी क्षेत्र पूरी तरह सुरक्षित और आलोकित रहेगा। स्मार्ट सिटी योजना के तहत मलिन बस्तियों का चयन कर उन्हें आधुनिक सुविधाओं से लैस करने का यही उद्देश्य है। अयोध्या में चल रहे इस विकास कार्य से स्थानीय निवासियों में उत्साह है। लोग मान रहे हैं कि अब उनके मोहल्ले की सड़कें, नालियां, रोशनी और सामुदायिक स्थान शहर के अन्य विकसित क्षेत्रों जैसी हो जाएंगी।

जनसुविधाओं का भी रखा जाएगा ध्यान

ओपन जिम की स्थापना से स्थानीय युवा, महिलाएं और बुजुर्ग अपने स्वास्थ्य का ध्यान रख सकेंगे। जनसुविधाओं के रूप में पर्याप्त बेंच, वॉटर कूलर, डस्टबिन और हरित क्षेत्र विकसित किए जाएंगे। इन सभी कार्यों से नया पुरवा क्षेत्र न केवल सुविधायुक्त बनेगा बल्कि स्वच्छ, सुंदर और रहने योग्य भी बनेगा।

समावेशी शहर बनाने की दिशा में बड़ा कदम : नगर आयुक्त

नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने बताया कि सभी कार्य गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएंगे। इस एकीकृत परियोजना से न केवल बुनियादी सुविधाएं बढ़ेंगी बल्कि क्षेत्र में सामाजिक समरसता और स्वास्थ्य के स्तर में भी सुधार आएगा। नया पुरवा का यह कायाकल्प अयोध्या को स्मार्ट और समावेशी शहर बनाने की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगा।

हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय