श्री श्री रविशंकर ट्रस्ट संभालेगा अयोध्या के चार कुंडों का रखरखाव
अयोध्या, 24 अप्रैल (हि.स.)। रामनगरी के प्रमुख कुंड अब स्वच्छता और संरक्षण की नई दिशा में आगे बढ़ेंगे। नगर निगम ने धर्मगुरु श्री श्री रविशंकर के ट्रस्ट श्री श्री रूरल डेवलपमेंट प्रोग्राम ट्रस्ट के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। एमओयू पर संस्था की ओर से आर्ट ऑफ लिविंग इंटरनेशनल सेंटर, बेंगलुरु के अध्यक्ष प्रसन्ना प्रभु और नगर निगम की ओर से अपर आयुक्त डॉ. नागेंद्र नाथ ने हस्ताक्षर किए। इस दौरान महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी और नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार भी मौजूद रहे।
नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश पांडेय के अनुसार, इस योजना में दशरथ कुंड, विद्या कुंड, सीता कुंड और दंतधावन कुंड शामिल हैं। ट्रस्ट अगले पांच वर्षों तक इन कुंडों का रखरखाव करेगा। प्राकृतिक तकनीक से जल शुद्धिकरण और प्रकाश व्यवस्था की जाएगी, जिससे कुंडों की स्वच्छता के साथ-साथ शाम के समय लोगों के लिए बेहतर वातावरण भी तैयार होगा। नगर निगम का मानना है कि यह पहल जल संरक्षण और सौंदर्यीकरण की दिशा में अहम कदम साबित होगी।
हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय

