home page

नारी शक्ति वंदन अधिनियम का समर्थन न करने पर विपक्ष की निंदा प्रस्ताव पास

 | 
नारी शक्ति वंदन अधिनियम का समर्थन न करने पर विपक्ष की निंदा प्रस्ताव पास


-- नगर निगम के विशेष सत्र में महिलाओं के नगर निगम के कार्यों की चर्चा

अयोध्या, 25 अप्रैल (हि.स.)। संसद में महिला आरक्षण संशोधन विधेयक के पास न होने को काला दिवस बताते हुए नगर निगम के विशेष सत्र में विपक्षी दलों की कड़ी आलोचना की गई। इस दौरान निंदा प्रस्ताव पास कर कांग्रेस, सपा, तृणमूल कांग्रेस, डीएमके जैसे दलों की निंदा की गई। सदन में महिला पार्षदों ने अपने अधिकारों और नगर निगम द्वारा महिलाओं के हित में किए जा रहे कार्यों को लेकर खुलकर चर्चा की।

गांधी सभागार में आयोजित नगर निगम के विशेष सत्र की अध्यक्षता करते हुए महापौर महंत गिरीश पति त्रिपाठी ने कहा कि संसद में 131 वां संशोधन गिरने से साफ हो गया है कि सपा, कांग्रेस, डीएमके और टीएमसी जैसे दल महिलाओं को सम्मानजनक स्थान देने के लिए तैयार नहीं है। उन्होंने इन दलों की आलोचना करते हुए सदन में निंदा प्रस्ताव पेश किया।

पार्षद गरिमा मौर्य ने प्रस्ताव का समर्थन करते हुए संविधान संशोधन की इस पहल के लिए प्रधानमंत्री की सराहना की और कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम का विरोध विकास का विरोध है, बदलाव का विरोध है। महिलाओं को समान अधिकार देने का विरोध है, जिसे किसी भी दिशा में स्वीकार नहीं किया जा सकता।

पार्षद मनीषा यादव ने नारी शक्ति की चर्चा करते हुए कहा महिलाओं ने अंतरिक्ष से लेकर संसद तक अपनी उपयोगिता साबित की है। देश और राज्य का प्रशासन-शासन संभाला है। ऐसे में उनकी क्षमता पर भरोसा न करना अनुचित है। उन्होंने नगर निगम की उपलब्धियाें की चर्चा करते हुए बताया कि शक्ति रसोईं, आवास योजना, सोलर दीदी योजना, स्वच्छ अयोध्या अभियान में महिलाओं की भागीदारी ऐतिहासिक रही है। उन्होंने बताया कि 70 नवीन आंगनबाड़ी केंद्र का निर्माण कराया जा रहा है। कौशल्या सदन का निर्माण हो रहा है। वर्किंग वूमेन हॉस्टल का निर्माण हो रहा है। पिंक टॉयलेट योजना लागू की गई है, जिसके तहत 2000 फाइबर टॉयलेट स्थापित किए गए हैं। महिलाओं के लिए सेनेटरी बेंडिंग मशीन एवं इंसीनरेटर की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।

उन्होंने बताया कि 106 करोड़ की लागत से बने हाईटेक नगर निगम परिसर में महिला पार्षदों के लिए पृथक कक्ष का प्रावधान किया गया है। प्रधानमंत्री सुनिधि योजना के तहत 5537 महिलाओं को ऋण वितरित किया गया है, ताकि उन्हें स्वरोजगार के माध्यम से आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाया जा सके। अमृत सखी योजना के तहत महिलाओं को जल गुणवत्ता परीक्षण का प्रशिक्षण दिया गया है। 354 सफाई मित्रों को आयुष्मान कार्ड दिलाया गया है। बर्तन भंडार की स्थापना की गई है। अयोध्या नगर निगम क्षेत्र में अंतर्वस्त्र के विज्ञापन पर पूर्णत प्रतिबंध लगाकर महिलाओं का सम्मान बढ़ाया गया है।

संचालन पार्षद अर्चना श्रीवास्तव ने किया। सदन की चर्चा में पार्षद अर्चना द्विवेदी, वरिष्ठ पार्षद बृजेंद्र सिंह, अनिल सिंह, अनुज दास, सूर्यकुमार तिवारी सूर्या, सुशील मिश्र बब्लू, जयनारायण सिंह रिंकू, ज्ञान केसरवानी आदि ने हिस्सा लिया। इस मौके पर उपसभापति संतोष सिंह, नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार, अपर नगर आयुक्त डॉ. नागेंद्र नाथ, भरत भार्गव, सुमित कुमार, मुख्य कारण निर्धारण अधिकारी गजेंद्र कुमार, महाप्रबंधक जलकर सौरभ श्रीवास्तव समेत सभी विभागों की मुखिया एवं अधिकारी मौजूद थे।

हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय