home page

धार्मिक नगरी में श्रद्धालुओं काे पानी खरीद कर पीना सामाजिक अपराध : महापाैर

 | 
धार्मिक नगरी में श्रद्धालुओं काे पानी खरीद कर पीना सामाजिक अपराध : महापाैर


-प्रेस से मिलिए' कार्यक्रम में बोले महापौर, अयोध्या का तेजी से विकसित हो रहा नगर निगम

अयोध्या, 15 अप्रैल (हि.स.)। महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी का मानना है कि धार्मिक नगरी में श्रद्धालुओं काे पानी खरीद कर पीना सामाजिक अपराध है। उन्होंने दावा किया कि नगर निगम अयोध्या लगातार इस दिशा में काम कर रहा है कि किसी भी श्रद्धालुओं को यहां आने पर खरीद कर एक बूंद भी पानी न पीना पड़े। उन्होंने बताया कि जल्द ही अयोध्या के प्रत्येक घर तक सरयू नदी के पवित्र जल की सप्लाई पेयजल के रूप में सुनिश्चित कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि महानगर के छह वार्डों में 24 घंटे तीसरे साल तक पानी पहुंचाने की योजना अमल में लाई जा रही है।

वह प्रेस क्लब में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। महापौर ने कहा कि 90 से अधिक वाटर कूलर एवं वाटर क्याक्स के अलावा सैकड़ों इंडिया मार्का टू हैंडपंप स्थापित किए गए हैं। घर-घर वॉटर सप्लाई की व्यवस्था की जा रही है।

उन्होंने बताया कि यहां आने वाले श्रद्धालुओं के लिए बस अड्डा के पीछे 500 लोगों के रात्रि विश्राम के लिए आवास का प्रबंध किया गया है। पर्यटन विभाग के सहयोग से हनुमानगढ़ी के सामने छाजन लगाया जा रहा है। बनवीरपुर, पलिया शाहबदी, गद्दोपुर में जल निकासी के लिए पंप और नाले का निर्माण कराया गया है। जलवानपुरा में जल भराव की समस्या काफी हद तक नियंत्रित हो गई है। उन्होंने बताया कि नगर में तीन वर्ष के दौरान 235 सड़कों का निर्माण कराया गया है। 46 करोड़ की लागत से 90 सड़कों का निर्माण स्वीकृत हुआ है। उन्होंने बताया कि हर वार्ड में एक करोड़ रुपये से अधिक का विकास कार्य कराया गया है। उन्होंने माना कि विस्तारीकरण क्षेत्र में नगरीय सुविधा देना चुनौती थी। विस्तारीकरण क्षेत्र के प्रत्येक वार्ड में लगभग पांच करोड़ रुपये की लागत से विकास कार्य कराए गए हैं। 500 किलोमीटर सीवर लाइन तथा पेयजल सुविधा के लिए प्रत्येक वार्ड तक पाइपलाइन बिछाने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि 12 करोड़ रुपये की सोलर लाइट जल्द ही मिलने वाली है। इससे नगर की प्रकाश व्यवस्था और सुदृढ़ होगी।

बाबा पागल दास के नाम पर होगी मृदंग तिराहा की स्थापना

महापौर ने बताया कि महापुरुषों के सम्मान के लिए कई पहल की गई है, जिसमें अखंडता चौक का निर्माण प्रमुख है। बाबा पागल दास के नाम पर मृदंग तिराहा की स्थापना की जाएगी। लेफ्टिनेंट शशांक त्रिपाठी के नाम पर कल्याण मंडपम का नामकरण, देवकाली बाईपास तिराहे का नामकरण कारगिल शहीद जगदंबा पांडे के नाम पर किया गया है। चौक एवं रामनगरी में विशालकाय राष्ट्रीय ध्वज लगाया जाएगा। उन्होंने पुष्पराज चौराहे पर लगी अशफ़ाकउल्ला खान की प्रतिमा पर छतरी लगवाने का वादा किया। इस मौके पर स्वतंत्रता सेनानी के परिवारों एवं सहित सैनिकों के परिवारों का गृह एवं जलकर माफ करने की मांग भी उठाई गई, जिस पर महापौर ने बताया कि इस संबंध में नगर निगम से प्रस्ताव पास कर शासन को भेजा गया है।

लता चौक के पास बनेगा फूड वेंडिंग जोन

-रामनगरी के प्रवेशद्वार लता चौक के पास बेंडिंग जोन का निर्माण कराया जाएगा। यहां स्ट्रीट फूड की व्यवस्था के साथ पेयजल और सफाई का भी विशेष प्रबंध होगा। इसके अलावा अन्य कई स्थानों पर वेंडिंग जोन बनाने का प्रस्ताव विचाराधीन है। नगर में लगे फौव्वारों के न चलने की शिकायत पर उन्होंने जांच कराकर चालू करने का वादा किया। इसके अलावा सफाई, जल निकासी, प्रदूषण से संबंधित कई मांगें आईं, जिस पर कार्रवाई का भरोसा महापौर ने दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय