पहले प्रकाश, पेयजल-सीवर लाइन फिर होगा सड़क निर्माण : महापौर
अयोध्या, 14 सितंबर (हि.स.)। नवविकसित कॉलोनियों में पहले पेयजल और सीवर लाइन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी, इसके बाद सड़क निर्माण कराया जाएगा। साथ ही स्ट्रीट लाइट और सफाई व्यवस्था को भी प्राथमिकता दी जाएगी। यह वादा महापौर महंत गिरीश पति त्रिपाठी ने सोमवार को ‘नगर की सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम के तहत विभिन्न कॉलोनियों के भ्रमण के दौरान किया।
उन्होंने नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार और नगर निगम की टीम के साथ क्षेत्रों का निरीक्षण कर लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को समाधान के निर्देश दिए।
महापौर सुबह 7:45 बजे जनौरा वार्ड के गिरिजा कुंड पहुंचे। यहीं से नगर आयुक्त और नगर निगम की टीम के साथ भ्रमण शुरू हुआ। मोड़ स्थित बारातघर पर अवैध कब्जे की शिकायत पर महापौर ने कब्जा हटाने के निर्देश दिए। गिरिजा कुंड की पैमाइश कराने की आवश्यकता भी नगर आयुक्त ने जताई।
इसके बाद टीम खेतबगिया पहुंची। यहां सोलर लाइट लगवाने का आश्वासन दिया। वजीरगंज वार्ड के चेला छावनी क्षेत्र में स्थानीय लोगों ने सड़क, सीवर और पेयजल की समस्याएं बताईं। महापौर ने कहा कि क्षेत्र में पहले पेयजल के लिए पाइपलाइन बिछाई जाएगी। इसके बाद आवश्यकता के अनुसार स्ट्रीट लाइट लगाई जाएगी। सीवर लाइन पड़ने के बाद सड़क निर्माण की पहल की जाएगी। तब तक रास्ते को आवागमन योग्य बनाए रखने के लिए राबिश डलवाने के निर्देश दिए।
श्यामा प्रसाद मुखर्जी वार्ड की अश्वनीपुरम फेस-टू कॉलोनी में पेयजल और प्रकाश की समस्या सामने आई। महापौर ने जल्द पानी की आपूर्ति सुनिश्चित कराने और स्ट्रीट लाइट लगवाने का भरोसा दिया।
उन्होंने कहा कि गलियों में मलबा डालकर रास्ते को अस्थायी रूप से ठीक कराया जाएगा। सड़क निर्माण में समय लगेगा, इसलिए पहले पानी और सीवर की व्यवस्था की जाएगी।
नगर निगम के जन संपर्क अधिकारी मुकेश पांडे ने बताया कि सरस्वतीपुरम फेस-टू कॉलोनी में प्रमोद पाठक के आवास पर महापौर ने चौपाल लगाकर लोगों की समस्याएं सुनीं। विजय विहार कॉलोनी में सफाई व्यवस्था को लेकर शिकायत मिलने पर जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए। भ्रमण व चौपाल में अपर नगर आयुक्त डॉ. नागेंद्र नाथ, भारत भार्गव, महाप्रबंधक जलकल सौरभ श्रीवास्तव, जोनल अधिकारी सुभाष त्रिपाठी, विनय सिंह के अलावा सभी विभागों के प्रतिनिधि मौजूद थे।
इसके बाद गिरिजा कुंड में पार्षद धर्मेंद्र प्रताप सिंह की मौजूदगी में लोगों की समस्याएं सुनी गईं। कोरखाना में सीवर लाइन और सड़क की समस्या सामने आई। द्वारकापुरी कॉलोनी में नाली निर्माण और प्रकाश व्यवस्था की आवश्यकता पर महापौर ने जल्द कार्रवाई का भरोसा दिया। सड़क की मरम्मत के लिए राबिश डलवाने के निर्देश भी दिए।
अंत में शक्ति विहार कॉलोनी से देवकाली तक मार्गों का निरीक्षण कर सड़क, नाली और सीवर संबंधी समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय

