home page

डीजल खर्च में कटौती के लिए नगर निगम करेगा खास उपाय

 | 
डीजल खर्च में कटौती के लिए नगर निगम करेगा खास उपाय


अयोध्या, 13 मई (हि.स.)। डीजल खर्च में कमी लाने के लिए नगर निगम खास उपाय करेगा। नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार के साथ विमर्श के बाद महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने यह निर्देश दिया है।

नगर आयुक्त ने बताया कि डीजल खर्च में कटौती के लिए विभागों को जनरेटर का प्रयोग अत्यंत आवश्यक होने पर ही करने के निर्देश दिए गए हैं। कहा गया है कि कार्यालय संचालन में जनरेटर का संचालन कम से कम किया जाए। उन्होंने बताया कि सरकारी वाहन के संचालन में कमी लाने की निर्देश दिए हैं। कर्मचारियों से अपेक्षा की गई है कि सार्वजनिक वाहन से ही कार्यालय आएं। महापौर ने पार्षदों से भी अधिक डीजल खर्च वाले वाहनों की जगह इलेक्ट्रिक वाहन या दोपहिया का प्रयोग करने काे कहा है।

--बड़ामंगल भंडारा स्थलों पर सफाई व पेयजल का प्रबंध करेगा नगर निगम

नगर निगम ने बड़ा मंगल को होने वाले भंडारा के दौरान आवश्यकतानुसार पेयजल का प्रबंध, सफाई के लिए डस्टबिन तथा सफाई संबंधी अन्य प्रबंध करने का निर्णय लिया है। इसके लिए हेल्पलाइन नंबर 18003131277 जारी किया है। महापौर ने भंडारा आयोजकों से अपेक्षा की है कि टोल-फ्री नंबर पर सूचना दें, जिससे भंडारा स्थलों पर आवश्यकतानुसार पेयजल की सुविधा, सफाई के लिए डस्टबिन एवं अन्य प्रबंध किए जा सके। महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने लोगों से कहा है कि भंडारे में कम ईंधन खर्च हो, इसके लिए फल, लस्सी, जूस आदि का वितरण करें। पत्तल अथवा कागज का दोना एवं पत्तल इस्तेमाल करें, जो प्लास्टिक कोटेड न हो। भंडारा स्थलों पर नगर आयुक्त ने जीरो प्लास्टिक का पोस्टर लगवाने का भी निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिया है।

हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय