मिल्कीपुर में जल्द बनकर तैयार होगा आधुनिक उप निबंधक कार्यालय
-2.28 करोड़ की लागत से है निर्माणाधीन, आधुनिक सुविधाओं से होगा लैस
अयोध्या, 16 मार्च (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार द्वारा अयोध्या जनपद में तेजी से हो रहे विकास कार्यों की एक और कड़ी जुड़ गई है। तहसील मिल्कीपुर में नए उप निबंधक कार्यालय (सब रजिस्ट्रार ऑफिस) का निर्माण कार्य जोरों पर चल रहा है। यह कार्यालय आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा, जिसकी कुल अनुमानित लागत 2.28 करोड़ रुपये है।
यह परियोजना स्थानीय लोगों के लिए बड़ी राहत लेकर आएगी, क्योंकि वर्तमान में उप निबंधक कार्यालय अस्थायी व्यवस्था में सिंचाई विभाग के भवन में संचालित हो रहा है, जहां पहुंचना और सुविधाएं दोनों ही सीमित हैं।जानकारी के अनुसार यह निर्माण कार्य 11 सितम्बर 2024 को शुरू हुआ था। आवास विकास परिषद (उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद) अयोध्या की निर्माण इकाई-चार इसकी जिम्मेदारी संभाल रही है। कार्यालय का निर्माण सिविल, विद्युत, जलापूर्ति, सेनिटरी और बाह्य विकास कार्यों सहित पूर्ण रूप से आधुनिक मानकों पर किया जा रहा है।
--जानिए, परिसर में क्या क्या मिलेंगी सुविधाएं
परिसर में ट्यूबवेल, पंप रूम, बाउंड्री वॉल, एमएस गेट, टॉयलेट ब्लॉक, कैंटीन, शेड, सोलर जनरेटर सिस्टम, सीसी रोड, इंटरलॉकिंग रोड, आंतरिक ड्रेन, स्टॉर्म वाटर ड्रेन, रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम, बाह्य विद्युतीकरण, मिट्टी भराई और बाह्य विद्युत कनेक्शन जैसे महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं। फायर फाइटिंग सिस्टम और आंतरिक विद्युतीकरण की सुविधाएं भी सुनिश्चित की जा रही हैं। ताकि कार्यालय न केवल सुविधाजनक बल्कि सुरक्षित और पर्यावरण-अनुकूल भी बने। जनसुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए डिजाइन किया गया यह परिसर आम जनता की रजिस्ट्री, प्रॉपर्टी संबंधी कार्यों को आसान और तेज बनाने में मददगार साबित होगा।
--नया कार्यालय ही होगा स्थाई समाधान
मिल्कीपुर तहसील में 1995 से तहसील मुख्यालय स्थापित होने के बाद से उप निबंधक कार्यालय अस्थायी रूप से चल रहा था, जिसके कारण लोगों को कई असुविधाओं का सामना करना पड़ता था। सड़क पर जलभराव, कीचड़ और पहुंच की समस्या आम थी। नया कार्यालय इन सभी समस्याओं का स्थायी समाधान प्रदान करेगा।
--अप्रैल तक हो सकता है संचालन
डीएम निखिल टीकाराम फुण्डे ने बताया कि परियोजना की समय-सीमा निर्धारित है। निर्माण कार्य 31 मार्च तक पूर्ण कर लिया जाएगा। इसके बाद कार्यालय पूर्ण रूप से चालू हो जाएगा, जिससे मिल्कीपुर और आसपास के क्षेत्रों के निवासियों को बड़ी सुविधा मिलेगी। स्थानीय लोग इस विकास से उत्साहित हैं और इसे अयोध्या के समग्र विकास का हिस्सा मान रहे हैं। यह परियोजना न केवल प्रशासनिक दक्षता बढ़ाएगी, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा देगी।
हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय

