home page

अयोध्या में स्वास्थ्य विभाग ने दीपोत्सव को देखते हुए की व्यापक तैयारियां

 | 
अयोध्या में स्वास्थ्य विभाग ने दीपोत्सव को देखते हुए की व्यापक तैयारियां


अयोध्या में स्वास्थ्य विभाग ने दीपोत्सव को देखते हुए की व्यापक तैयारियां


अयोध्या, 11 सितंबर (हि.स.)। रामनगरी में एक बार फिर भव्य दीपोत्सव की तैयारियां जोरों पर हैं। इस वर्ष का दीपोत्सव धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और आधुनिक व्यवस्थाओं का अनूठा संगम बनने जा रहा है। पांच से आठ नवंबर तक आयोजन होगा। लाखों श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। स्वास्थ्य विभाग ने पूरी सजगता और सावधानी के साथ व्यापक चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्णय लिया है।

अयोध्या के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेंद्र कुमार ने मेले के सकुशल संचालन के लिए डिप्टी सीएमओ डॉ राम मणि त्रिपाठी को मेलाधिकारी नियुक्त किया है। आयोजन स्थल और आसपास के क्षेत्रों में कुल 14 अस्थाई स्वास्थ्य शिविर स्थापित किए जाएंगे। ये शिविर पांच से आठ नवंबर तक संचालित रहेंगे। इन शिविरों में चिकित्सकीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। शिविरों में 45 चिकित्सा अधिकारी, 45 फार्मासिस्ट तथा 45 चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी। आपात चिकित्सा सेवाओं को और मजबूत बनाने के लिए तीन प्रमुख अस्पतालों में कुल 50 बेड आरक्षित किए गए हैं। इनमें मेडिकल कॉलेज में 20, जिला अस्पताल में 20 और श्रीराम चिकित्सालय में 10 बेड शामिल हैं। ये बेड विशेष रूप से दीपोत्सव के दौरान संभावित आपात मामलों के लिए उपलब्ध रहेंगे। साथ ही 10 महत्वपूर्ण स्थानों पर एंबुलेंस तैनात की जाएंगी। एंबुलेंस सेवाएं 24 घंटे रहेंगी। किसी भी आपात स्थिति में मरीजों को तुरंत अस्पताल पहुंचाने का प्रबंध किया गया है।

यहां प्रस्तावित हैं अस्थाई स्वास्थ्य शिविर

-कन्ट्रोल रूम

-पक्का घाट - 08 बेड

-लतामांगेश्कर चौक (नया घाट पुलिस चौकी)

-साकेत पेट्रोल पम्प (बस्ती बाईपास पुल के नीचे)

-हनुमानगुफा, अयोध्या

-श्रीराम जन्मभूमि (निकास द्वार)

-श्रीराम जन्मभूमि (पीएफसी)

-दशरथ महल

-अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन

-कारसेवक पुरम

-हनुमानगढ़ी

-कनक भवन मन्दिर परिसर

-अयोध्या धाम अर्न्तराट्रीय बस स्टेशन।

यहां तैनात रहेंगी एम्बुलेंस

1. हनुमानगढ़ी

2. कारसेवक पुरम

3. कनक भवन मन्दिर परिसर

4. श्रीराम जन्मभूमि (परिकोटा)

5. नागेश्वरनाथ मन्दिर

6. नयाघाट (पुराना सरयूपुल)

7. साकेत पेट्रोल पम्प

8. वीणा चौराहा (लता मंगेश्कर चौक)

9. हनुमानगुफा

10. कन्ट्रोल रूम

दवाएं, उपकरण और आपात किट पहले से ही शिविरों में उपलब्ध करा दिए जाएंगे : सीएमओ

सीएमओ डॉ. देवेंद्र कुमार ने बताया कि शिविरों में सभी आवश्यक दवाएं, उपकरण और आपात किट पहले से ही उपलब्ध करा दिए जाएंगे। चिकित्सकों और कर्मचारियों को विशेष प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है। भीड़ वाले माहौल में कुशलतापूर्वक काम करने के लिए प्रशिक्षित किए जा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग की इन तैयारियों से यह सुनिश्चित होगा कि श्रद्धालु बिना किसी चिंता के त्योहार का आनंद ले सकें। अयोध्या प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग मिलकर इस आयोजन को सफल बनाने के लिए दिन-रात जुटे हुए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय