home page

दीपोत्सव : रावण वध से पुष्पक विमान तक, 2,100 स्वदेशी ड्रोन से अयोध्या के आकाश में जीवंत हुई रामकथा

 | 
दीपोत्सव : रावण वध से पुष्पक विमान तक, 2,100 स्वदेशी ड्रोन से अयोध्या के आकाश में जीवंत हुई रामकथा


दीपोत्सव : रावण वध से पुष्पक विमान तक, 2,100 स्वदेशी ड्रोन से अयोध्या के आकाश में जीवंत हुई रामकथा


-वीर मुद्रा में दिखे प्रभु श्रीराम, लक्ष्मण और हनुमान, राम दरबार और श्रीराम जन्मभूमि मंदिर की भी बनीं आकृतियां

-महर्षि वाल्मीकि और गोस्वामी तुलसीदास की छवियों ने बढ़ाया आकर्षण, नौ नवंबर को अयोध्यावासियों के लिए फिर होगा शो

अयोध्या, 07 नवंबर (हि.स.)। दीपोत्सव में शनिवार को रामनगरी का आकाश रामायण के प्रसंगों से सजा नजर आया। उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग की ओर से आयोजित ड्रोन शो में 2,100 स्वदेशी ड्रोन ने रोशनी और रंगों के जरिए प्रभु श्रीराम की वीर मुद्रा, रावण वध और पुष्पक विमान की आकृतियां बनाकर रामकथा को जीवंत किया।

लक्ष्मण और हनुमान की वीर मुद्रा के साथ राम दरबार तथा श्रीराम जन्मभूमि मंदिर की भव्य छवि भी आकाश में उभरी। रामकथा को पीढ़ियों तक पहुंचाने वाले महर्षि वाल्मीकि और गोस्वामी तुलसीदास की आकृतियां भी प्रस्तुति का हिस्सा रहीं।

संगीत और कथावाचन के साथ बदलती आकृतियों ने दर्शकों को रामायण के विभिन्न प्रसंगों से जोड़ा। नीचे राम की पैड़ी के घाटों पर 30 लाख से अधिक दीयों की आभा और ऊपर आकाश में रामकथा के दृश्यों ने दीपोत्सव की संध्या को खास बनाया।

गुजरात से आए पर्यटक प्रखर अग्रवाल ने कहा, “जगमगाते घाटों के ऊपर आकाश में प्रभु श्रीराम, पुष्पक विमान और राम दरबार की आकृतियां देखकर गुजरात से अयोध्या आना सार्थक लगा। दीपोत्सव का यह अनुभव बहुत खास रहा।”

पिछले वर्ष 1,100 ड्रोन की तुलना में इस बार 2,100 ड्रोन ने प्रस्तुति दी। अयोध्यावासियों को यह अनुभव देने के लिए नौ नवंबर को भी विशेष ड्रोन शो आयोजित किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय